Amazon Layoffs: भारत में भी जाने लगीं जॉब्स, ऑफिसों में घबराहट; प्राइम वीडियो समेत इन टीम्स में छंटनी

Amazon Layoffs: कई कर्मचारियों ने रेडिट और स्लैक जैसे प्लेटफॉर्म्स पर छंटनी की खबर और डिटेल शेयर की हैं। कंपनी का कहना है कि यह छंटनी उसे अधिक अधिक चुस्त और कम लालफीताशाही वाला संगठन बनाएगी। ज्यादातर कर्मचारियों को छंटनी के बारे में उनके मैनेजर्स ने इन वन-ऑन-वन मीटिंग के जरिए बताया

अपडेटेड Oct 29, 2025 पर 7:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह छंटनी Amazon की ग्लोबल रीस्ट्रक्चरिंग का हिस्सा है।

ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन करीब 14,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही है। ऐसा कंपनी की लागत घटाने और आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (AI) को बढ़ावा देने की नीति के तहत किया जा रहा है। इस ग्लोबल छंटनी की आंच भारत में कर्मचारियों तक भी आ रही है। इसके चलते बुधवार को एमेजॉन इंडिया के ऑफिसेज में अनिश्चितता और घबराहट दिखी। CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वालों का कहना है कि मंगलवार, 28 अक्टूबर से कई विभागों में कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो गई है।

छंटनी विभिन्न टीमों में हो रही है। डिवाइसेज एंड सर्विसेज टीम्स, फाइनेंस एंड ग्लोबल ​बिजनेस सर्विसेज, कॉम्पिटीटर मॉनिटरिंग टीम और एचआर विभाग में छंटनी हुई है। कुछ कर्मचारियों का कहना है कि सबसे ज्यादा असर प्राइम वीडियो टीम पर होगा। प्रभावित कर्मचारियों में से अधिकांश बेंगलुरु में हैं। इसके अलावा चेन्नई और हैदराबाद में भी कुछ कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।

ज्यादातर कर्मचारियों को छंटनी के बारे में उनके मैनेजर्स ने इन वन-ऑन-वन मीटिंग के जरिए बताया। वहीं कुछ को सीधे एग्जिट प्रोसेस, सीवरेंस पे और अन्य डिटेल वाले कागज देकर, उन्हें साइन करने के दो घंटे के अंदर नौकरी छोड़ने के लिए कहा गया। सीवरेंस पे वह है, जो एक कंपनी छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को मुआवजे के तौर पर देती है।


प्रभावित कर्मचारियों को क्या ऑफर कर रही Amazon

स्टैंडर्ड एग्जिट पैकेज में दो महीने की गार्डन लीव (कर्मचारी पेरोल पर रहेगा पर काम नहीं करेगा), दो महीने की सीवरेंस पे और एक महीने की नोटिस पे शामिल है। इसके अलावा, कर्मचारियों को उनकी सर्विस के हर साल के लिए सैलरी, जमा की गई छुट्टियों का पैसा और ग्रेच्युटी (जहां लागू हो) के साथ-साथ दूसरी कंपनी जॉइन करने में सपोर्ट भी मिलेगा। एमेजॉन ने कहा है कि जिन कर्मचारियों की भूमिकाएं प्रभावित होंगी, उन्हें 90 दिन का समय दिया जाएगा ताकि वे कंपनी के अंदर नई भूमिका खोज सकें।

Amazon के कई कर्मचारियों ने रेडिट और स्लैक जैसे प्लेटफॉर्म्स पर छंटनी की खबर और डिटेल शेयर की हैं। रेडिट पर एक यूजर ने पोस्ट डाली कि L3 स्तरों पर प्राइम वीडियो ट्रस्ट और सुरक्षा विभाग के कई सहकर्मी प्रभावित हुए हैं। हाल ही में शामिल हुए एक L7 लेवल के मैनेजर को भी नौकरी से निकाल दिया गया है।

BHEL Q2 results: सरकारी कंपनी का मुनाफा 280% बढ़ा, हर मोर्चे पर उम्मीद से बेहतर रिजल्ट

पहले ही जा चुकी हैं 27000 से ज्यादा नौकरियां

यह छंटनी एमेजॉन की ग्लोबल रीस्ट्रक्चरिंग का हिस्सा है। इसकी घोषणा इस सप्ताह की शुरुआत में की गई थी। कंपनी ने कहा कि वह दुनिया भर में लगभग 14,000 रोल कट करेगी। कंपनी का कहना है कि यह छंटनी उसे अधिक अधिक चुस्त और कम लालफीताशाही वाला संगठन बनाएगी। एमेजॉन के दुनिया भर में फिलहाल करीब 3.5 लाख कॉरपोरेट और टेक्निकल कर्मचारी हैं। 2022 और 2023 के बीच कंपनी ने पहले ही 27,000 से अधिक नौकरियां खत्म की थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।