Amazon layoffs: अमेजॉन में बड़ी छंटनी की तैयारी...इस हफ्ते जाएगी 16000 कर्मचारियों की नौकरी!

Amazon layoffs : अमेजॉन का यह रीस्ट्रक्चरिंग अभियान 2025 के अंत में शुरू हुआ था। इसके पहले चरण में कंपनी ने अक्टूबर महीने में करीब 14,000 व्हाइट-कॉलर पदों को खत्म कर दिया था। अब माना जा रहा है कि उसी प्रक्रिया के तहत आगे और छंटनी की जा सकती है

अपडेटेड Jan 26, 2026 पर 7:55 PM
Story continues below Advertisement
ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी में है।

Amazon layoffs  : ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कदम कंपनी के उस बड़े प्लान का हिस्सा है, जिसके तहत करीब 30,000 कॉर्पोरेट कर्मचारियों की संख्या कम की जानी है। कंपनी 27 जनवरी को नई छंटनी की योजना बना रही है, जिससे दुनियाभर में करीब 16,000 कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि यह कदम कंपनी के बड़े रीस्ट्रक्चरिंग प्लान का हिस्सा है।

 30,000 नौकरियों पर खतरा 

कंपनी के प्लान के मुताबिक, जून 2026 के तक लगभग 30,000 कॉर्पोरेट नौकरियां खत्म की जा सकती हैं। इस बार की छंटनी का दायरा पहले से ज्यादा बड़ा हो सकता है और इसका असर कई देशों में पड़ेगा। खास तौर पर भारत में काम कर रही टीमों पर इसका प्रभाव ज्यादा होने की आशंका जताई जा रही है। कई रिपोर्टों और Blind व Reddit जैसे प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों के बीच चल रही चर्चाओं के अनुसार, अमेजॉन आने वाले दिनों में नौकरी में कटौती का ऐलान कर सकता है। बताया जा रहा है कि इस बार सबसे ज्यादा असर भारत में काम कर रही टीमों पर पड़ सकता है। सूत्रों के मुताबिक, यह छंटनी कंपनी के कई विभागों में हो सकती है। इसमें अमेजॉन Web Services (AWS) और Prime Video से जुड़े कर्मचारियों के भी प्रभावित होने की आशंका है।


अमेजॉन का यह रीस्ट्रक्चरिंग अभियान 2025 के अंत में शुरू हुआ था। इसके पहले चरण में कंपनी ने अक्टूबर महीने में करीब 14,000 व्हाइट-कॉलर पदों को खत्म कर दिया था। अब माना जा रहा है कि उसी प्रक्रिया के तहत आगे और छंटनी की जा सकती है।

अमेजॉन में 30,000 नौकरियों पर संकट!

2025 के आखिर में आई Reuters की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेजॉन बड़े स्तर पर रीस्ट्रक्चरिंग की योजना बना रहा है। इस योजना के तहत कंपनी करीब 30,000 कॉर्पोरेट नौकरियां खत्म कर सकती है। इन रिपोर्टों के बाद अमेजॉन ने यह पुष्टि की थी कि वह पहले चरण में लगभग 14,000 पदों में कटौती करेगा। अब माना जा रहा है कि कंपनी छंटनी के दूसरे चरण की तैयारी कर रही है, जिसमें करीब 16,000 और नौकरियाँ जा सकती हैं। अगर ऐसा होता है, तो कुल मिलाकर नौकरी जाने वालों की संख्या 30,000 के करीब पहुंच जाएगी। यह छंटनी 2022 और 2023 में की गई अमेजॉन की 27,000 नौकरियों की कटौती से भी ज्यादा होगी। हालांकि अमेजॉन में दुनियाभर में करीब 15.7 लाख कर्मचारी काम करते हैं, लेकिन यह छंटनी मुख्य रूप से व्हाइट-कॉलर कॉर्पोरेट कर्मचारियों पर असर डालेगी, जिनकी संख्या लगभग 3.5 लाख है।

किन लोगों पर असर पड़ सकता है?

अमेजॉन में होने वाली छंटनी का असर कई बड़े विभागों पर पड़ सकता है। इनमें AWS, Prime Video, रिटेल ऑपरेशंस और People Experience and Technology (PXT) शामिल हैं, जो कंपनी का आंतरिक HR विभाग है। भारत में काम कर रही कॉर्पोरेट टीमें, खासकर बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में मौजूद टीमें, इस बार ज्यादा प्रभावित हो सकती हैं।

छंटनी कब शुरू हो सकती है?

इंटरनल मैसेज और Reddit, Blind और LinkedIn जैसे प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों की पोस्ट के मुताबिक, छंटनी की प्रक्रिया 27 जनवरी वाले हफ्ते की शुरुआत में शुरू हो सकती है। कई कर्मचारियों का कहना है कि मैनेजर और सीनियर लीडर्स पहले ही इसके संकेत दे चुके हैं। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि जो कर्मचारी अभी परफॉर्मेंस इम्प्रूवमेंट प्लान (PIP) पर हैं, उन्हें बाकी कर्मचारियों से पहले जानकारी दी जा सकती है।

इसके अलावा, खबरें हैं कि कुछ कर्मचारियों को पहले से ही एडवांस नोटिस दिए जा रहे हैं। पहले की रिपोर्ट्स के अनुसार, 1,000 से 2,000 कर्मचारियों को संभावित छंटनी से पहले WARN नोटिस मिल चुके हैं। अमेरिकी कानून के तहत बड़ी छंटनी से पहले ऐसे नोटिस देना जरूरी होता है। हालांकि, अमेजॉन ने अब तक छंटनी के समय या दायरे को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।