ऑनलाइन फाइनेंशियल सर्विसेज और क्रेडिट स्कोर ट्रैकिंग टूल उपलब्ध कराने वाली कंपनी बैंकबाजार, अपनी मेजॉरिटी हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रही है। कंपनी के शुरुआती निवेशक कंपनी से बाहर निकलना चाहते हैं। यह बात मनीकंट्रोल को घटनाक्रम की जानकारी रखने वालों से पता चली है। सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने कई संभावित खरीदारों से बातचीत की है, जिनमें सॉफ्टबैंक के निवेश वाला पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म 'जसपे' (Juspay) भी शामिल है। हालांकि, अभी तक कोई डील पक्की नहीं हो पाई है।
BankBazaar की वैल्यूएशन आखिरी बार लगभग 1,600 करोड़ रुपये आंकी गई थी। प्रस्तावित सौदे में प्राइमरी और सेकेंडरी, दोनों तरह की शेयर बिक्री शामिल हो सकती है। सेकेंडरी कंपोनेंट के तहत, मौजूदा निवेशक- खासकर वे जिन्होंने शुरुआत में निवेश किया था, अपनी हिस्सेदारी पूरी तरह या कुछ हद तक बेच सकेंगे। सूत्रों में से एक ने कहा कि यह सौदा मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है।
4 साल तक बैंकबाजार के साथ काम कर चुके हैं Juspay के CEO
मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति का कहना है, "पिछले कुछ दिनों में बैंकबाजार ने जसपे और अन्य कंपनियों के साथ संभावित अधिग्रहण को लेकर बातचीत की है। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई है।" दिलचस्प बात यह है कि जसपे के को-फाउंडर और CEO विमल कुमार लगभग 4 साल तक बैंकबाजार में चीफ इनफॉर्मेशन ऑफिसर (CIO) रह चुके हैं। उन्होंने साल 2012 में अपनी पेमेंट टेक्नोलॉजी कंपनी शुरू की। इसके अलावा, बैंकबाजार के मौजूदा निवेशक 'एक्सपेरियन' ने भी कंपनी में और पूंजी लगाने और अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की संभावना पर विचार किया था। एक दूसरे सूत्र ने बताया कि यह बातचीत किसी डील तक नहीं पहुंच सकी।
BankBazaar के निवेशकों में पीक XV पार्टनर्स, एमेजॉन, एट रोड्स वेंचर्स, द वाल्डेन इंटरनेशनल ग्रुप और मुथूट फिनकॉर्प जैसे नाम शामिल हैं। कंपनी ने 2008 में अपनी शुरुआत के बाद से अब तक 13 करोड़ डॉलर (1,200 करोड़ रुपये) से अधिक की फंडिंग जुटाई है। प्राइवेट मार्केट डेटा प्रोवाइडर 'ट्रैक्सन' (Tracxn) के अनुसार, बैंकबाजार का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2025 में 254 करोड़ रुपये रहा। घाटा कम होकर 23 करोड़ रुपये रह गया।
बैंकबाजार संभावित खरीदारों की तलाश में कई विकल्पों पर विचार कर रही है। बातचीत मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के साथ चल रही है: NBFC (नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी) लाइसेंस वाली कंज्यूमर फिनटेक कंपनियां, बायआउट (अधिग्रहण) पर फोकस्ड प्राइवेट इक्विटी फर्म, और ऐसी कंपनियां जो अभी कंज्यूमर लेंडिंग सेक्टर में नहीं हैं, लेकिन इस सेक्टर में प्रवेश करना चाहती हैं।