BBC में बड़ी छंटनी की तैयारी, 2000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी; खर्चों में 10% कटौती का है लक्ष्य

BBC Job Cuts: यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है जब बीबीसी बड़े विवादों और नेतृत्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। बीबीसी न्यूज की प्रमुख डेबोरा टर्नेस और पूर्व महानिदेशक टिम डेवी ने एक डॉक्यूमेंट्री में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 6 जनवरी 2021 के भाषण की 'गलत एडिटिंग' के विवाद के बाद इस्तीफा दे दिया था

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 8:19 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय में बीबीसी द्वारा की जाने वाली यह सबसे बड़ी छंटनी है

BBC Layoffs: ब्रिटेन के राष्ट्रीय प्रसारक ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन(BBC) ने 15 अप्रैल को एक बड़ी घोषणा की है। कंपनी अपने खर्चों में कटौती करने के लिए लगभग 2,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय में बीबीसी द्वारा की जाने वाली यह सबसे बड़ी छंटनी है। इस फैसले के साथ बीबीसी का लक्ष्य अगले दो वर्षों में अपने वार्षिक बजट का 10% जो करीब 677 मिलियन डॉलर बचाना है।

स्टाफ के साथ एक कॉल के दौरान इस फैसले की जानकारी दी गई। BBC के अंतरिम महानिदेशक रोड्रि तल्फन डेविस ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा, मैं जानता हूं कि इससे अनिश्चितता पैदा होती है, लेकिन हम आने वाली चुनौतियों के बारे में खुलकर बात करना चाहते थे।

छंटनी के पीछे की क्या है असली वजह?


रोड्रि डेविस ने बजट में कटौती और नौकरियों के कम होने के पीछे कई बड़े कारण बताए हैं:

महंगाई और आर्थिक दबाव: वैश्विक अर्थव्यवस्था में जारी उथल-पुथल और बढ़ती मुद्रास्फीति।

लाइसेंस फीस का दबाव: बीबीसी की कमाई का मुख्य जरिया 'लाइसेंस फीस' और कमर्शियल इनकम पर बढ़ता दबाव।

डिजिटल युग की चुनौतियां: स्ट्रीमिंग सेवाओं के दौर में पारंपरिक टेलीविजन देखने वालों की संख्या में कमी आना।

विवाद के बाद हुआ था लीडरशिप में बदलाव

यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है जब बीबीसी बड़े विवादों और नेतृत्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। बीबीसी न्यूज की प्रमुख डेबोरा टर्नेस और पूर्व महानिदेशक टिम डेवी ने एक डॉक्यूमेंट्री में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 6 जनवरी 2021 के भाषण की 'गलत एडिटिंग' के विवाद के बाद इस्तीफा दे दिया था। डोनाल्ड ट्रंप ने इस मामले में बीबीसी पर करीब 10 अरब डॉलर का मानहानि का मुकदमा किया हुआ है। गूगल के पूर्व एग्जीक्यूटिव मैट ब्रिटिन अगले महीने बीबीसी के नए महानिदेशक के रूप में कार्यभार संभालने वाले है।

फंडिंग मॉडल पर उठते सवाल

ब्रिटेन में बीबीसी को चलाने के लिए हर घर को सालाना 180 पाउंड यानी $244 की लाइसेंस फीस देनी होती है। प्रतिद्वंद्वी ब्रॉडकास्टर्स और फीस के विरोधी इस मॉडल पर सवाल उठा रहे हैं, क्योंकि डिजिटल दौर में अब लोग पारंपरिक टीवी कम देखते हैं। ब्रिटेन की लेबर सरकार ने बीबीसी के लिए 'स्थायी और उचित' फंडिंग सुनिश्चित करने का वादा किया है, लेकिन लाइसेंस फीस की जगह किसी और मॉडल पर भी विचार किया जा सकता है।

बीबीसी का रहा है गौरवशाली इतिहास

1922 में एक रेडियो सेवा के रूप में शुरू हुए बीबीसी का मुख्य उद्देश्य 'सूचित करना, शिक्षित करना और मनोरंजन करना' रहा है। वर्तमान में बीबीसी 15 राष्ट्रीय और क्षेत्रीय टीवी चैनल, 10 राष्ट्रीय रेडियो स्टेशन और दर्जनों स्थानीय रेडियो स्टेशनों का संचालन करता है। दुनिया भर में प्रसिद्ध 'वर्ल्ड सर्विस' रेडियो और 'iPlayer' जैसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए इसकी पहुंच करोड़ों लोगों तक है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।