बर्कशायर हैथवे इंक. का कैश रिजर्व अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में यह 397 अरब डॉलर दर्ज किया गया। पिछले साल के आखिर में कंपनी के कैश रिजर्व में थोड़ी गिरावट दिखी थी लेकिन अब यह फिर से बढ़ गया है। इसकी वजह है कि मार्च तिमाही के दौरान बर्कशायर हैथवे ने 8.1 अरब डॉलर की इक्विटी होल्डिंग्स बेच दीं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, कंपनी ने कैलेंडर ईयर 2026 की पहली तिमाही के नतीजों का खुलासा करते हुए एक रेगुलेटरी फाइलिंग में यह जानकारी दी।
अमेरिका के ओमाहा, नेब्रास्का स्थित बर्कशायर हैथवे ने शनिवार को एक बयान में कहा कि जनवरी-मार्च 2026 के दौरान उसकी ऑपरेटिंग इनकम यानि कि मुनाफा कुल 11.35 अरब डॉलर दर्ज किया गया। यह पिछले साल की इसी अवधि के 9.64 अरब डॉलर के मुकाबले लगभग 18 प्रतिशत ज्यादा है। नेट इनकम दोगुने से ज्यादा बढ़कर 10.1 अरब डॉलर रही, जो मार्च 2025 तिमाही में 4.6 अरब डॉलर थी।
कंपनी के बीमा कारोबारों से होने वाली अंडरराइटिंग इनकम बढ़कर 1.7 अरब डॉलर हो गई, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 29 प्रतिशत ज्यादा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, ये नतीजे दिखाते हैं कि नए CEO ग्रेग एबेल किस तरह बर्कशायर पर अपनी छाप छोड़ना शुरू कर रहे हैं। हालांकि कुछ संकेत ऐसे भी हैं कि निवेशक अभी भी नए CEO को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं।
शेयरहोल्डर्स से वापस खरीदे 23.42 करोड़ डॉलर के शेयर
तिमाही के आखिर में बर्कशायर के पास नेट कैश लगभग 380 अरब डॉलर था। दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे की जगह ग्रेग एबेल ने इसी साल कंपनी के CEO का पद संभाला है। उन्होंने शेयरों का बायबैक भी फिर से शुरू किया। बर्कशायर ने शेयरहोल्डर्स से 23.42 करोड़ डॉलर के शेयर वापस खरीदे।
कभी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मशहूर रही बर्कशायर हैथवे के शेयरों को पूरे बाजार के मुकाबले काफी नुकसान उठाना पड़ा है। बफे के एक साल पहले रिटायर होने और एबेल को कमान सौंपने की घोषणा के बाद से शेयरों में गिरावट है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 5.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।