फिनटेक फर्म भारतपे ग्रुप (BharatPe Group) ने अपर्णा कुप्पुस्वामी (Aparna Kuppuswamy) को चीफ रिस्क ऑफिसर (CRO) के रूप में नियुक्त किया है। कंपनी ने आज 20 फरवरी को इसकी घोषणा की है। फर्म ने एक बयान में कहा कि कुप्पुस्वामी भारतपे ग्रुप की कंपनियों में रिस्क पोर्टफोलियो को लीड करेंगी, जिसमें मर्चेंट के साथ कंज्यूमर बिजनेस भी शामिल है। इसके साथ ही, कुप्पुस्वामी कंपनी को उसके आईपीओ के लक्ष्य की ओर बढ़ने में भी मदद करेंगी। कुप्पुस्वामी ने पहले एसबीआई कार्ड्स में 14 साल से अधिक समय तक CRO के रूप में काम किया है। एसबीआई कार्ड्स में उन्होंने अलग-अलग प्रमुख प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व किया।
कुप्पुस्वामी ने पहले एसबीआई कार्ड्स में 14 साल से अधिक समय तक CRO के रूप में काम किया है। एसबीआई कार्ड्स से पहले कुप्पुस्वामी Ameriprise फाइनेंशियल में क्रेडिट पॉलिसी के निदेशक भी थीं और बैंक ऑफ अमेरिका और ABN AMRO बैंक में लीडिंग पोजिशन पर भी रहे। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से फाइनेंस और कंट्रोल में मास्टर्स किया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि BharatPe के वर्तमान CRO अमित जैन कुप्पुस्वामी के साथ मिलकर काम करेंगे और अपना अधिक समय कलेक्शन और अंडर-राइटिंग पर निवेश करेंगे।
कुप्पुस्वामी ने नियुक्ति पर क्या कहा?
कुप्पस्वामी ने कहा, "फिनटेक इंडस्ट्री में भारतपे की सफलता की कहानी अपने आप में एक केस स्टडी है।" उन्होंने आगे कहा, "मैं भारतपे ग्रुप की कंपनियों के लिए रिस्क और क्रेडिट स्ट्रेटजी को लीड करने और संगठन का हिस्सा बनने के लिए वास्तव में उत्साहित हूं। मैं नए प्रोडक्ट्स के निर्माण के लिए टीम के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं। यह भारत को वास्तव में डिजिटल इकोनॉमी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।"
कंपनी के CFO ने क्या कहा?
कंपनी के CFO और अंतरिम CEO नलिन नेगी ने कहा कि भारतपे MSME और छोटे व्यापारियों के लिए 380 अरब डॉलर के क्रेडिट गैप को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "आने वाले महीनों में हम आक्रामक रूप से पूरे भारत में लेंडिंग बिजनेस पर फोकस करेंगे और साथ ही अपने मर्चेंट पार्टनर्स और कंज्यूमर्स के लिए कई तर के क्रेडिट प्रोडक्ट पेश करेंगे। नए CRO की नियुक्ति को लेकर उन्होंने कहा, "अपर्णा रिस्क स्ट्रेटजी, क्रेडिट पॉलिसी और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट के सभी पहलुओं की गहन समझ और इंडस्ट्री व प्रोडक्ट नॉलेज के साथ कंपनी में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही, वे हमें आईपीओ के लिए भी तैयार होने में मदद करेगी।"