Kia India आंध्र प्रदेश में लगाएगी नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, 2 अरब डॉलर का होगा निवेश; निकलेंगी 12000 नौकरियां

वित्त वर्ष 2025-26 में Kia India ने 3.17 लाख गाड़ियों का उत्पादन किया। कंपनी ने अक्टूबर 2026 में अब तक की सबसे अधिक मासिक थोक बिक्री देखी। यह 33,462 यूनिट की रही।

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 1:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
किआ इंडिया ने अक्टूबर 2026 में अब तक की सबसे अधिक मासिक थोक बिक्री (होलसेल डिस्पैच) देखी।

किआ इंडिया आंध्र प्रदेश में नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने वाली है। इसके लिए 2 अरब डॉलर का निवेश किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से करीब 12,000 नौकरियां जनरेट होने की उम्मीद है। साथ ही किआ इंडिया की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर 6,30,000 वाहन हो जाने का अनुमान है। किआ इंडिया का आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में पहले से ही एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। इसे कंपनी ने साल 2017 में लगाया था। इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 4.30 लाख यूनिट्स की है।

किआ इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) ग्वांगगु ली ने CII पार्टनरशिप समिट में कहा, ‘‘मैं आंध्र प्रदेश में एक और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करके राज्य में किआ की मौजूदगी का विस्तार करने की घोषणा करते हुए बेहद खुश हूं।’’

ली ने निवेश के लिए कोई समयसीमा या अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के चालू होने की संभावित तारीख नहीं बताई। वित्त वर्ष 2025-26 में किआ इंडिया ने 3.17 लाख गाड़ियों का उत्पादन किया। घरेलू बाजार में 2.89 लाख यूनिट्स की थोक बिक्री की और 27,953 यूनिट्स का निर्यात किया।


अक्टूबर में भारत में बेचीं कितनी गाड़ियां

किआ इंडिया ने अक्टूबर 2026 में अब तक की सबसे अधिक मासिक थोक बिक्री (होलसेल डिस्पैच) देखी। यह 33,462 यूनिट की रही। यह आंकड़ा सालाना आधार पर 13.22 प्रतिशत ज्यादा है। एक साल पहले अक्टूबर महीने में कंपनी ने 29,556 गाड़ियों की बिक्री की थी। जनवरी-अक्टूबर 2026 की अवधि के दौरान किआ इंडिया की कुल थोक बिक्री 2,86,470 यूनिट तक पहुंच गई। यह एक साल पहले की इसी अवधि के मुकाबले 21.31 प्रतिशत ज्यादा है। साल 2025 में कंपनी ने 2,80,286 यूनिट्स की कुल बिक्री की थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।