कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड बोट का वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध मुनाफा 38 प्रतिशत बढ़कर 84.5 करोड़ रुपये हो गया। इस ब्रांड का मालिकाना हक इमेजिन मार्केटिंग लिमिटेड के पास है। एक साल पहले कंपनी का शुद्ध मुनाफा 61.1 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 2026 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 2,931 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। बोट के प्रोडक्ट्स में ईयरफोन, हेडफोन, साउंडबार, ट्रिमर, स्मार्टवॉच, स्पीकर्स, प्रोजेक्टर, पावरबैंक आदि शामिल हैं।
कंपनी का वियरेबल बिजनेस वित्त वर्ष 2026 में मुनाफे में आ गया। इस सेगमेंट ने लगभग 7 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। एक साल पहले यह सेगमेंट 54 करोड़ रुपये के घाटे में था। चार्जिंग सॉल्यूशंस, केबल और गेमिंग समेत अन्य कैटेगरीज का मुनाफा बढ़कर 46 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025 में यह 14 करोड़ रुपये था। अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर ब्रांड का रेवेन्यू 45 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह लगभग 20 करोड़ रुपये था।
नींव मजबूत करने और बाहरी चुनौतियों से निपटने का साल रहा FY26
एक बयान में बोट के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) गौरव नायर ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 कंपनी की नींव को मजबूत करने और बाहरी चुनौतियों से निपटने का साल रहा। कंपनी ने लगभग 397 करोड़ रुपये के कैश रिजर्व और शून्य बैंक ऋण के साथ साल का अंत किया। नायर ने आगे कहा, ‘‘अब हम सुधार के दौर से आगे बढ़कर ग्रोथ पर फोकस कर रहे हैं। मजबूत वित्तीय स्थिति, बेहतर कामकाज और एक ठोस कारोबार के दम पर, हम ‘बोट 2.0’ के लिए तैयार हो रहे हैं...। ऑडियो के क्षेत्र में अपनी लीडरशिप को आगे बढ़ा रहे हैं। साथ ही इंटरनेशनल मार्केट और प्रोजेक्टर, ग्रूमिंग और चार्जिंग सॉल्यूशंस जैसी नई कंज्यूमर-टेक कैटेगरी में ग्रोथ के नए इंजन तैयार कर रहे हैं।"
शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी में boAt
बोट अपना IPO लाने की तैयारी में है। पिछले साल सितंबर में कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI ने boAt की पेरेंट कंपनी इमेजिन मार्केटिंग को IPO लॉन्च करने की मंजूरी दी थी। कंपनी ने अप्रैल 2025 में गोपनीय रूप से SEBI के पास IPO का ड्राफ्ट जमा किया था। कंपनी की शुरुआत 2013 में अमन गुप्ता और समीर मेहता ने मिलकर की थी।