Rakesh Jhunjhunwala : देश के टॉप इनवेस्टर्स में शुमार और अरबपति राकेश झुनझुवाला आज देश में जाना-माना नाम हैं। उनके एक-एक निवेश पर लाखों निवेशक नजर रखते हैं। जब वह किसी शेयर में निवेश करते हैं तो उसकी वैल्यू खुद ब खुद बढ़ने लग जाती है। लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब उनकी मां को उनसे कहना पड़ा था कि “तुझसे कौन शादी करेगी।” झुनझुनवाला द्वारा इकोनॉमिक टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा हुआ है।
स्टॉक मार्केट में उतरने सरप्राइज रह गई थीं मां
एक सवाल का जबाव देते समय दिग्गज इनवेस्टर ने कहा, “मैं एक कंजरवेटिव मारवाड़ी फैमिली से हूं और जब मैंने स्टॉक मार्केट में कदम रखने की बात घर में की तो मेरी मां सरप्राइज रह गई थीं। उन्होंने यह तक पूछ लिया था- तुझसे कौन शादी करेगा? एक बार तो मुझे लगा कि मुझे नौकरी करनी पड़ेगी। आखिरकार मैंने उनको गलत साबित कर दिया।” उन्होंने कहा, मैं लोगों के इस तरह सरप्राइज होने के तरीके पर सरप्लाइज होता हूं।
कोशिश नहीं करने से बेहतर है, कोशिश करो और फेल हो जाओ : झुनझुनवाला
एयरलाइन बिजनेस में उतरने से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि एक एयरलाइन शुरू करने पर कई लोगों ने मुझसे सवाल किए। उन्होंने बताया, “मैंने कहा- कोशिश नहीं करने से बेहतर है, कोशिश करना और फेल हो जाना। आज इंडिगो की मार्केट कैप 80 हजार करोड़ रुपये है और मेरा कम से 50 फीसदी टॉप मैनेजमेंट वहीं से है। दूसरा मैं व्यक्तिगत रूप से 275 करोड़ रुपये का निवेश कर रहा हूं। ऐसे में रिस्क रिवार्ड रेश्यो 10,000 करोड़ रुपये की मार्केट कैप हो सकती है।” उन्होंने कहा, ऐसा नहीं है कि मैंने इसमें अपनी लाइफ दांव पर लगा दी है या अपनी पत्नी की ज्वैलरी गिरवी रखी है। मैंने यह अपने पैसे से किया है, देखते हैं आगे क्या होता है।
राकेश झुनझुनवाला, भारतीय एविएशन इंडस्ट्री के कई दिग्ग्जों के साथ मिलकर Akasa Air शुरू कर रहे हैं। उन्होंने अकासा एयर में 40 फीसदी की हिस्सेदारी के लिए 275 करोड़ रुपये निवेश किया है।
झुनझुनवाला की एयरलाइन की सफलता पर एक्सपर्ट को संदेह
हालांकि राकेश झुनझुनवाला के इस निवेश की सफलता पर कई एक्सपर्ट संदेह जता रहे हैं। उनका कहना कि भारतीय एविएशन इंडस्ट्री में अभी तक कई एयरलाइन को कुछ सालों के चमक-दमक के बाद बंद होते हुए देखा गया है। साथ ही ग्लोबल मार्केट के मुकाबले भारतीय एयरलाइंस में निवेश किए पैसे पर रिटर्न भी कम है।
आलोचकों को साबित करूंगा गलत
झुनझुनवाला ने ऐसे आलोचकों का जवाब देते हुए कहा, "जब मैंने करीब तीन दशक पहले भारतीय स्टॉक मार्केट में कदम रखा था, तब मेरे परिवार के भी कई लोगों ने भी ऐसे ही संदेह जताए थे। मैंने उन्हें गलत साबित किया। उम्मीद करता हूं कि मैं इन लोगों को भी ऐसे ही गलत साबित करूंगा।"
झुनझुनवाला ने कहा- मेरे पास है बिजनेस प्लान
राकेश झुनझुनवाला ने आगे कहा, "अब तो यह मेरे ईगो का सवाल बन गया है।" झुनझुनवाला ने अपनी अकासा एयर को कम-बजट वाली एयरलाइस की जगह 'किफायती' एयरलाइन बताया और इसकी तुलना यूरोप की एयरलाइन Ryan Air से की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मेरे पास एक बिजनेस प्लान है। आप जानते ही होंगे Ryan Air पहले दिन से मुनाफे में चल रही थी, जबकि यूरोप की बाकी एयरलाइंस घाटे में जाकर बंद हो गईं।"