British American Tobacco Layoffs: सिगरेट कंपनी में 20% जॉब्स पर चलेगी कैंची, 9000 कर्मचारी होंगे बाहर

British American Tobacco Layoffs: ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको ने फरवरी 2026 में संकेत दिया था कि उसके नए प्रोडक्टिविटी प्रोग्राम के कारण नौकरियों में कटौती हो सकती है। अभी कंपनी के पूरी दुनिया में 47,000 कर्मचारी हैं

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 3:42 PM
British American Tobacco को लागत बचाने वाले इस प्रोग्राम से 2028 तक सालाना 60 करोड़ पाउंड की अतिरिक्त बचत की उम्मीद है।

सिगरेट कंपनी ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको अपने लगभग 20 प्रतिशत जॉब कट करने वाली है। इसके तहत वह 5500 नौकरियां खत्म करेगी और 3500 और भूमिकाओं को एक्सेंचर समेत थर्ड-पार्टी कंपनियों को सौंप देगी। यानि कि छंटनी से कुल 9000 कर्मचारी प्रभावित होंगे। यह छंटनी अमेरिका में नहीं होगी, जो कि कंपनी का सबसे बड़ा बाजार है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी रेगुलेटरी चुनौतियों और लॉन्च में देरी के बीच लागत कम करने और मुनाफा बढ़ाने के लिए AI-बेस्ड ट्रांसफॉरमेशन प्रोग्राम चला रही है।

लागत बचाने वाले इस प्रोग्राम से 2028 तक सालाना 60 करोड़ पाउंड (79.3 करोड़ डॉलर) की अतिरिक्त बचत होने की उम्मीद है। इसमें से 50 करोड़ पाउंड की बचत का लक्ष्य 2027 तक ही हासिल कर लिया जाएगा। ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको लकी स्ट्राइक और डनहिल सिगरेट बनाती है। रॉयटर्स के मुताबिक, कंपनी के CEO टैड्यू मारोको ने एक बयान में कहा, "इन बदलावों से हमारे कई साथी प्रभावित होंगे। हम इस बदलाव के दौरान उनकी देखभाल और सम्मान के साथ मदद करने पर फोकस कर रहे हैं।"

बिक्री और मुनाफे में बढ़ोतरी हाल के वर्षों में धीमी 


कंपनी की बिक्री और मुनाफे में बढ़ोतरी हाल के वर्षों में धीमी रही है। यह अपने ही लक्ष्यों को पूरा करने में या तो पीछे रही है या बमुश्किल उन्हें छू पाई है, जिससे कुछ निवेशक निराश हैं। कंपनी के मुनाफे का मुख्य स्रोत पारंपरिक तंबाकू है। कंपनी अपनी ग्रोथ को बढ़ावा देने के लिए अपना ध्यान स्मोकिंग के विकल्पों, जैसे कि अपने 'व्यूज़' (Vuse) वेप्स और 'वेलो' (Velo) निकोटीन पाउच पर केंद्रित कर रही है। लेकिन उसे समस्याओं का सामना करना पड़ा है और वह अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी फिलिप मॉरिस इंटरनेशनल से पीछे रह गई है।

Prabhjeet Singh: कौन हैं OpenAI के India MD प्रभजीत सिंह, कंधों पर ChatGPT मेकर की ग्रोथ को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी

फरवरी में ​दिया था छंटनी का संकेत

ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको ने फरवरी 2026 में संकेत दिया था कि उसके नए प्रोडक्टिविटी प्रोग्राम के कारण नौकरियों में कटौती हो सकती है। जून में उसने पूरे ग्रुप के लिए अपने गाइडेंस में कोई बदलाव नहीं किया। अभी कंपनी के पूरी दुनिया में 47,000 कर्मचारी हैं।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।