फर्टीलाइजर के घरेलू उत्पादन बढ़ाने और सब्सिडी घटाने के लिए बजट में खास ऐलान किए जा सकते हैं। CNBC-आवाज को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक बजट में फर्टीलाइजर के कच्चे माल पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाई जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक बजट में इंपोर्ट की बजाय घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर होगा। इसके लिए DAP के कच्चे माल पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाई जा सकती है। फिलहाल DAP के कच्चे माल पर 5 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी लगती है। देश की जरूरत का करीब 95 फीसदी DAP इंपोर्ट करना पड़ता है। वहीं, 29 फीसदी से ज्यादा यूरिया इंपोर्ट करना पड़ता है। सूत्रों के मुताबिक सब्सिडी पेमेंट के लिए चीन के मॉडल पर विचार किया जा रहा है। सभी तरह की फर्टीलाइजर सब्सिडी इनपुट के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है। बजट में समय पर सब्सिडी पेमेंट करने के लिए रोडमैप का ऐलान भी संभव है।
