Budget 2023-24: 100000 किमी नई रेल लाइन का ऐलान कर सकती हैं निर्मला सीतारमण

Budget 2023-24: नई रेल लाइन बिछाने में हाई-स्पीड और सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनों का ख्याल रखा जाएगा। नई जेनरेशन की वंदे भारत ट्रेनों की मैक्सिमम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक है। बजट में सरकार फाइनेंशियल ईयर 2023-24 में 7,000 किलो मीटर ब्रॉड गेज लाइन को इलेक्ट्रिफाई करने का भी ऐलान हो सकता है

अपडेटेड Dec 09, 2022 पर 3:00 PM
रेलवे ने कहा है कि उसने नवंबर 2022 में रिकॉर्ड 13,560 करोड़ रुपये फ्रेट रेवेन्यू कमाया है। एक साल पहले नवंबर में यह 12,206 करोड़ रुपये था।

Budget 2023-24: फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट में रेलवे के लिए बड़ा ऐलान कर सकती हैं। वह एक लाख किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन (new rail tracks) का सौगात देश को दे सकती हैं। यह रेल लाइन अगले 25 साल में बनाई जाएगी। मिंट ने यह खबर दी है। नए ट्रैक से रेलवे को  आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों की स्पीड भी बढ़ेगी। अगले बजट में सरकार फाइनेंशियल ईयर 2023-24 में 7,000 किलो मीटर ब्रॉड गेज लाइन को इलेक्ट्रिफाई करने का भी ऐलान हो सकता है। इसके लिए 10,000 करोड़ रुपये का आवंटन हो सकता है। 7,000 किलो मीटर लंबी ब्रॉड गेज लाइन के इलेक्ट्रिफिकेशन से रेलवे के पूरे नेटवर्क को इलेक्ट्रिफाई करने का टारगेट पूरा हो जाएगा।

15-20 लाख करोड़ रुपये का खर्च आएगा

नया रेलवे ट्रैक इंडियन रेलवे के नए विजन डॉक्युमेंट का हिस्सा होगा। इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। अगले वित्त वर्ष में करीब 4,000 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाने का टारगेट तय किया जा सकता है। नए ट्रैक के लिए बजट को भी दोगुना यानी 50,000 करोड़ रुपये किया जा सकता है। अभी की कॉस्ट के मुताबिक, सामान्य 1,00,000 किलोमीटर लाइन बिछाने पर करीब 15-20 लाख करोड़ रुपये का खर्च आएगा।


यह भी पढ़ें : Budget 2023: स्टार्टअप इंडस्ट्री डायरेक्ट और इनडायरेक्ट टैक्स में बदलाव के अलावा यूनियन बजट से क्या-क्या चाहती है?

बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड

नई रेल लाइन बिछाने में हाई-स्पीड और सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनों का ख्याल रखा जाएगा। नई जेनरेशन की वंदे भारत ट्रेनों की मैक्सिमम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक है। पिछले महीने ईटी ने खबर दी थी कि सरकार अगले वित्त वर्ष के बजट में 300-400 नई वंदे भारत ट्रेनों का ऐलान कर सकती है। सरकार ने अधिकतर ट्रेनों को प्रति घंटे 160 किलोमीटर की स्पीड से चलाने का लक्ष्य रखा है। इस साल कार्गो की ग्रोथ 12-14 फीसदी रहने की उम्मीद है।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस

फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में इंडियन रेलवे की रेवेन्यू ग्रोथ 11 फीसदी थी। रेलवे ने कहा है कि उसने नवंबर 2022 में रिकॉर्ड 13,560 करोड़ रुपये फ्रेट रेवेन्यू कमाया है। एक साल पहले नवंबर में यह 12,206 करोड़ रुपये था। सरकार रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने पर फोकस कर रही है। इसका मकसद यात्रा में लगने वाले समय को कम करना है। इसके लिए ज्यादा स्पीड वाली ट्रेनें चलाई जा रही हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी, 2023 को बजट पेश करेंगी। यह उनका पांचवां बजट होग।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।