Budget 2024 : 23 जुलाई को पेश होने वाले बजट में सड़क, हाईवे जैसे इंफ्रास्ट्रक्टर पर फोकस जारी रह सकता है। CNBC-आवाज को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक इस सेक्टर में 5-10 फीसदी तक बजट का आबंटन बढ़ सकता है। यह पूरी खबर बताते हुए CNBC-आवाज के लक्ष्मण रॉय ने कहा कि आगामी बजट में वित्त मंत्री का इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस होगा। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक गांवों की सड़कों से लेकर हाईवे तक पर फोकस होगा।
15,000 किमी एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे बनाने का एलान संभव
सूत्रों के मुताबिक बजट 2024 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का विस्तार हो सकता है। वित्त मंत्री द्वारा 15,000 किमी एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे बनाने का एलान संभव है। हाईवे के किनारे EV चार्जिंग इंफ्रा के लिए भी बड़ा बजट संभव है। भीड़भाड़ वाले शहरों में रिंग रोड बनाने की योजना भी पेश की जा सकती है। हाईवे के लिए बजट में 5-10 फीसदी तक की बढ़ोतरी संभव है। सूत्रों के मुताबिक हाईवे निर्माण में निजी भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर हो सकता है। हाईवे के लिए बजट में बिल्ट, ऑपरेट और ट्रांसफर मॉडल (बीओटी) पर ज्यादा फोकस कर सकती है।
ग्रामीण सड़कों को हॉस्पिटल, स्कूल, सरकारी कार्यलयों से जोड़ने पर फोकस किया जाएगा
गौरतलब है कि इंफ्रा पर ही देश की इकोनॉमिक ग्रोथ निर्भर करती है। इस सेक्टर में होने वाले ग्रोथ का असर अलग-अलग सेक्टरों पर भी पड़ता है। इस बार बजट में ग्रामीण सड़क योजना का विस्तार किया जाएगा और ग्रामीण सड़कों को हॉस्पिटल, स्कूल, सरकारी कार्यलयों से जोड़ने पर फोकस किया जाएगा। ये ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बहुत बड़ी बात होगी। बड़े शहरों में तो हमने रिंग रोड देखे हैं लेकिन अब मझोले शहरों में जहां ट्रैफिक जाम की समस्या होती है वहां भी रिग रोड का विस्तार होता दिखेगा।