Budget 2024 : सरकार पीएम किसान सम्मान निधि में पैसा बढ़ा सकती है। इससे करोड़ों किसानों को फायदा होगा। अभी इस स्कीम में किसान को एक वित्त वर्ष में सरकार की तरफ से 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस अमाउंट को बढ़ाकर सालाना 8,000 रुपये किया जा सकता है। CNBC-TV18 ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। सरकार पीएम गरीब कल्याण योजना के प्रावधान में भी बदलाव करने के बारे में सोच रही है। सूत्रों ने बताया है कि इस बारे में अंतिम फैसला जल्द होने की उम्मीद है। पीएम किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की स्कीम है। इस स्कीम का ऐलान 2019 के अंतरिम बजट में हुआ था। सरकार के इस स्कीम की 16वीं किस्त इस साल फरवरी से मार्च के बीच जारी करने की उम्मीद है। इस बारे में अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
