Get App

बजट में मिले गिफ्ट से नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू गदगद, JDU-TDP के नेताओं ने दिए ये रिएक्शन

India Budget 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार (23 जुलाई) को केंद्रीय बजट को शानदार करार दिया। भगवा पार्टी ने कहा कि यह देश के आर्थिक बदलाव को गति देगा तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करने में मददगार साबित होगा। वहीं, विपक्षी पार्टियों ने बजट की आलोचना की है

Curated By: Akhileshअपडेटेड Jul 23, 2024 पर 7:14 PM
बजट में मिले गिफ्ट से नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू गदगद, JDU-TDP के नेताओं ने दिए ये रिएक्शन
India Budget 2024: बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य की चिंताओं का ख्याल रखा गया है

India Budget 2024-25: केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सहयोगी दलों ने मंगलवार (23 जुलाई) को आम बजट में बिहार और आंध्र प्रदेश के लिए की गई घोषणाओं के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बजट में किए गए उपाय राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे और उसे आत्मनिर्भर बनने में मददगार साबित होंगे। बता दें कि यूनियन बजट 2024-25 में बिहार और आंध्र प्रदेश के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा खजाना खोल दिए जाने से दोनों राज्यों की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) और तेलुग देशम पार्टी (TDP) गदगद है।

BJP की महत्वपूर्ण सहयोगी TDP ने भी आंध्र प्रदेश के लिए बजट में उठाए गए कदमों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि इससे राज्य के निर्माण की दिशा में मदद मिलेगी। नायडू ने X पर एक पोस्ट में कहा, "आंध्र प्रदेश के लोगों की ओर से, मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री, सीतारमण को हमारे राज्य की जरूरतों को पहचानने और वित्त वर्ष 24-25 के केंद्रीय बजट में आंध्र प्रदेश में राजधानी, पोलावरम, औद्योगिक मंजूरी और पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए धन्यवाद देता हूं।"

उन्होंने कहा, "केंद्र से यह समर्थन आंध्र प्रदेश के पुनर्निर्माण की दिशा में एक लंबा रास्ता तय करेगा। मैं इस प्रगतिशील और आत्मविश्वास बढ़ाने वाले बजट की प्रस्तुति के लिए आपको बधाई देता हूं।" वहीं, बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार की एक अन्य प्रमुख सहयोगी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्रीय बजट में घोषित विशेष मदद ने राज्य की उन चिंताओं का ख्याल रखा है, जिसके कारण विशेष श्रेणी के दर्जे की मांग की गई थी।

नीतीश ने X पर लिखा, "आज केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट सकारात्मक एवं स्वागतयोग्य है। इस बजट में बिहार की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है।" उन्होंने आगे लिखा, "इसके तहत बिहार के मानव संसाधन विकास एवं बुनियादी विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस बजट में बिहार की सड़क सम्पर्क परियोजनाओं, विद्युत परियोजनाओं, हवाईअड्डों, मेडिकल कॉलेजों और खेलकूद की संरचनाओं के लिये विशेष राशि का प्रावधान किया गया है। साथ ही बजट में बिहार के पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिये विशेष सहायता की घोषणा की गयी है।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें