Budget 2024: पीएम मोदी की अगुआई वाली केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट पेश होना है। इसी के साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को छठवीं बार बजट पेश करेंगी। इससे पहले संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। 31 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ बजट सत्र शुरू होगा। 1 फरवरी 2024 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह आखिरी बजट होगा। 31 जनवरी से शुरू होने वाला यह बजट सत्र 9 फरवरी तक चलेगा।
आज (30 जनवरी 2024) को सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में सरकार विपक्ष के नेताओं को सरकार का एजेंडा बताएगी। इसके साथ ही सभी पार्टियों से संसद को सुचारु रूप से चलाने की अपील की जाएगी।
इन सेक्टर पर बढ़ सकता है सरकार का फोकस
लोकसभा चुनाव को देखते हुए मोदी सरकार इस अंतरिम बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं से जुड़े बड़े ऐलान कर सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सरकार किसानों को मिलने वाली किसान सम्मान निधि को दोगुना करने का प्रस्ताव ला सकती है। वहीं ये भी कहा जा रहा है कि सरकार कोई बड़े ऐलान नहीं करेगी। इस बार के अंतरिम बजट में सरकार असंगठित सेक्टर से जुड़े कामगारों, महिलाओं, सैलरी क्लास के लोगों के लिए खजाना खोल सकती है। वहीं सामाजिक कल्याण के कई योजनाओं की घोषणा भी सरकार इस बजट सत्र में ऐलान कर सकती है। इतना ही नहीं अंतरिम बजट में सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के लिए भी आवंटन में इजाफा कर सकती है।
इस सत्र के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैँ। पिछले सत्र में जिस तरीके से सुरक्षा में चूक देखी गई थी। उसे लेकर कड़े कदम उठाए गए हैं। बजट सत्र में विजिटर्स की जांच के लिए नए नियम लागू बनाए गए हैं। दर्शकों को पहले संसद में विजिट के लिए ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। इसकी मंजूरी मिलने के बाद फोन पर एक QR कोड दिया जाएगा जो मोबाईल पर आएगा। मोबाइल पर आए हुए क्यूआर कोड का प्रिंट आउट दर्शकों को अपने साथ लाना होगा। इसके साथ ही दर्शक को अपना आधार कार्ड भी लाना होगा।
प्रवेश के लिए संसद पहुंचने पर सबसे पहले एक वहां क्यूआर कोड का अप्रूवल कराना होगा, फिर इनकी पड़ताल करने के बाद रिसेप्शन पर दर्शकों का बायोमेट्रिक होगा और फोटो ग्राफ लिया जाएगा। इसके बाद दर्शक को विजिटर्स गैलरी के लिए एक स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा। दर्शक दीर्घा में प्रवेश के लिए स्मार्ट कार्ड टैप करना होगा और साथ में बायोमेट्रिक जांच होगी, उसके बाद ही बैरियर खुलेगा।
इसके अलावा, सांसदों को कहा गया है कि अपने विजिटर्स के पास के लिए कम से कम तीन वर्किंग दिन पहले अप्लाई करें ताकि पुलिस वेरिफ़िकेशन हो सके। 1 फरवरी को अंतरिम बजट के लिए भी दर्शक दीर्घा में प्रवेश के लिए 31 जनवरी शाम 4 बजे तक अप्लाई करना होगा। सांसदों से कहा गया कि इस दिन के लिए वे दर्शक दीर्घा के लिए सिर्फ एक ही पास के लिए अप्लाई करें।