आने वाले बजट के लिए सरकार, नेशनल पेंशन स्कीम यानी NPS के तहत टैक्स छूट बढ़ाने पर विचार कर सकती है। सीएनबीसी-आवाज को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक पेंशन फंड के रेगुलेटर PFRDA ने वित्त मंत्रालय से इसकी सिफारिश की है।
सीएनबीसी-आवाज़ के इकोनॉमिक पॉलिसी एडीटर लक्ष्मण राय ने सूत्रों के हवाले मिली जानकारी के आधार पर बताया कि आगामी बजट में NPS पर टैक्स छूट बढ़ सकती है। टीयर 1 पेंशनधारकों के लिए टैक्स छूट बढ़ सकती है। सूत्रों के मुताबिक NPS में 14 फीसदी तक हिस्सेदारी पर टैक्स छूट देने की सिफारिश की गई है। गौरतलब है कि अभी 10 फीसदी तक हिस्सेदारी पर टैक्स छूट मिलती है।
सूत्रों के मुताबिक PFRDA ने केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर टैक्स छूट देने, टीयर 1 के एम्प्लॉयर को NPS से संबंधित छूट देने, NPS में 14 फीसदी तक हिस्सेदारी बिजनेस एक्सपेंडिचर करने, एन्यूटी प्लान के तहत मिली रकम पर टैक्स छूट देने, टीयर-1 में सेक्शन 80CCD(1B) के तहत छूट की सीमा बढ़ाने, टैक्स छूट सीमा 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए करने और NPS टीयर-II के सभी पेंशनर को 80C के तहत छूट देने की सिफारिश की है। सूत्रों के मुताबिक PFRDA की इन सिफारिशों पर वित्त मंत्रालय में चर्चा भी हुई है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
