बाजार की दशा-दिशा, इकोनॉमी और आगामी बजट पर Religare Broking के वीपी रिसर्च अजित मिश्रा ने मनीकंट्रोल से एक लंबी बातचीत की। यहां हम आपको इस बातचीत अंश दे रहे हैं। इस बातचीत में अजित मिश्रा ने कहा कि अगर आप 25-30 वर्ष के आयु वर्ग में आते हैं तो आपको अपने निवेश का एक बड़ा हिस्सा इक्विटीज में लगाना चाहिए और बाकी बचा हिस्सा दूसरे एसेट क्लास में लगाना चाहिए।
यूनियन बजट 2022 पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वित्तीय घाटे की जटिल स्थित और विनिवेश लक्ष्य को पूरा करने में हो रही देरी को देखते हुए हमें इस बात की बहुत बड़ी उम्मीद नहीं है कि सरकार आने वाले बजट में कोई बहुत बड़ा पॉपुलिस्ट रुख अपनाएगी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या रिकॉर्ड हाई से करीब 10 फीसदी टूटने के बाद यह बाजार में निवेश करने का सही समय है तो उन्होंने कहा कि जोरदार बढ़त के बाद बाजार में अभी और गिरावट देखने को मिल सकती है। पिछले 2 साल में हमें कोई बड़ा करेक्शन आता नहीं दिखा है। कोविड की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों ने प्रतिबंधों का एलान कर दिया है जिससे बाजार सेंटिमेंट को चोट लग सकती है। इसी समय दुनिया के तमाम बड़े देशों द्वारा मौद्रिक नीतियों में लाई जा रही कड़ाई के चलते भी बाजार पर दबाव बढ़ता नजर आ सकता है।
पिछले 2 महीनों से ही बेंचमार्क इंडेक्स की तरह ही आईटी को छोड़कर लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स पर दबाव देखने को मिल रहा है। हमारा मानना है कि निवेशकों को "bottom-up" एप्रोच को अपनाना चाहिए और किश्तों में क्वालिटी स्टॉक में धीरे-धीरे खरीदारी करनी चाहिए। उन्होंने इस बातचीत में आगे कहा कि हालिया गिरावट के बाद प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक निवेश के लिहाज से काफी अच्छे नजर आ रहे हैं। आगे हमको इनकी बाजार हिस्सेदारी में बढ़त देखने को मिलेगी।
आईपीओ बाजार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर प्राइमरी मार्केट सेकेंडरी मार्केट के पीछे-पीछे चलता है। 2022 के लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपये के आईपीओ लाइन में है। जिसमे परंपरागत कंपनी के साथ-साथ नए युग की इंटरनेट और टेक्नोलॉजी आधारित कंपनियां भी हैं। हमारा विश्वास है कि 2022 में भी प्राइमरी मार्केट में जोरदार गहमगहमी बनी रहेगी। 2022 में LIC,Ola, Byju's, Delhivery, NSE के आईपीओ आने वाले हैं। निवेशकों को हमारी सलाह होगी कि अच्छे वैल्यूएशन वाले अच्छे आईपीओ में ही पैसे लगाएं। आईपीओ में लिस्टिंग गेन पर फोकस ना करके लंबी अवधि के गेन को ध्यान में रखकर निवेश करें।
बाजार में क्या हो निवेश रणनीति? इस सवाल का जबाव देते हुए अजित मिश्रा ने कहा कि अगर आप 25-30 साल के आयु वर्ग में आते हैं तो अपने निवेश का बड़ा हिस्सा इक्विटी में लगाएं। उदाहरण के लिए आप अपने निवेश का 60-65 फीसदी हिस्सा क्वालिटी लॉर्जकैप में लगा सकते हैं जिसमें निफ्टी 50 कंपनियां शामिल हैं। अपने निवेश का एक छोटा हिस्सा मिड और स्मॉलकैप शेयरों में लगा सकते हैं। इसके अलावा 30 फीसदी हिस्सा लिक्विड और लॉन्ग टर्म डेट फंडों में डाल सकते हैं। बाकी 10-5 फीसदी हिस्सा सोने में निवेश कर सकते हैं।