Get App

Budget 2021: बजट से पहले टैक्स कलेक्शन में बढ़ोतरी सरकारी राजस्व को बढ़ाने में करेगा मदद

वित्त वर्ष 2019-20 के लिए 10 जनवरी 2021 तक 5.95 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए गए

MoneyControl Newsअपडेटेड Jan 15, 2021 पर 3:41 PM
Budget 2021: बजट से पहले टैक्स कलेक्शन में बढ़ोतरी सरकारी राजस्व को बढ़ाने में करेगा मदद

इस साल आयकर रिटर्न (Income Tax Returns, ITR) दाखिल करने वालों की संख्या करीब 5 प्रतिशत बढ़कर लगभग 6 करोड़ तक पहुंच गई। ज्यादा संख्या में कंपनियों और इकाइयों द्वारा भरे गए रिटर्न के कारण आयकर रिटर्न की संख्या बढ़ी है। आयकर विभाग के अनुसार, 31 मार्च, 2020 को समाप्त वित्त वर्ष 2019-20 के लिए 10 जनवरी 2021 तक 5.95 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए गए। व्यक्तिगत तौर पर आयकर रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा 10 जनवरी तक थी, जबकि कंपनियों के लिए यह 15 फरवरी है। हालांकि, बिजनेस स्टैंडर्ड ने बताया कि 16 दिसंबर को एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त के बाद टैक्स कलेक्शन (Tax Collections) में 13 प्रतिशत से कमी आई है।

इनकम टैक्स विभाग ने ट्विटर पर लिखा है कि आकलन वर्ष 2020-21 के लिए 10 जनवरी, 2021 तक 5.95 करोड़ ITR भरे गए। वहीं, पिछले आकलन वर्ष के लिए 10 सितंबर, 2019 तक 5.67 करोड़ ITR भरे गए थे। वित्त वर्ष 2019-20 के लिए कुल रिटर्न पिछले वर्ष के मुकाबले 33.5 लाख अधिक दाखिल किए गए। पिछले साल आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तारीख 31 अगस्त, 2019 तक 5.61 करोड़ ITR भरे गए थे। आयकर विभाग ने टैक्सपेयर्स और टैक्स पेशेवरों का आभार जताया है और कहा कि आकलन वर्ष 2020-21 के लिए ITR के जो आंकड़े दिए गए हैं, वह 10 जनवरी, 2021 तक के हैं।

व्यक्तिगत तौर पर भरे गए टैक्स रिटर्न की रफ्तार धीमी

आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि 2019-20 के लिए व्यक्तिगत तौर पर भरे गए टैक्स रिटर्न की रफ्तार धीमी रही है, जबकि कंपनियों तथा ट्रस्ट द्वारा भरे गए रिटर्न की संख्या बढ़ी है। आयकर विभाग के अनुसार, इस साल 10 जनवरी तक व्यक्तिगत रिटर्न के तौर पर 2.99 करोड़ से अधिक ITR-1 भरे गए जो 10 सितंबर, 2019 तक भरे गए 3.11 करोड़ के मुकाबले कम है। वहीं, 10 जनवरी तक 1.49 करोड़ ITR-4 भरे गए हैं जो 10 सितंबर, 2019 तक 1.29 करोड़ थे। ITR-1 सहज फॉर्म है जिसे कोई भी सामान्य निवासी जिसकी सालाना आय 50 लाख रुपये से अधिक नहीं है, अपनी व्यक्तिगत आय के बारे में जानकारी देते हुए भर सकता है।

वहीं, ITR- 4 सुगम फॉर्म को ऐसे निवासी व्यक्ति, हिंदू अविभाजित परिवार और फर्म (LLP को छोड़कर) द्वारा भरा जा सकता है जिनकी व्यवसाय और किसी पेशे से अनुमानित आय 50 लाख रुपये तक है। आंकड़ों के अनुसार, 46.12 लाख ITR-2, 10 जनवरी तक भरे गए। जबकि 10.50 लाख ITR-5 और 4.72 लाख ITR-6 भरे गए। पिछले साल 10 सितंबर, 2019 तक 49,398 ITR-6 और 5.89 लाख ITR-5 भरे गए थे।

वहीं, 10 जनवरी, 2021 तक 1.46 लाख ITR- 7 भरे गए जबकि पिछले साल यह संख्या 65,298 रही थी। ITR-6 व्यवसायियों के लिए, ITR- 2 आवासीय संपत्ति, पूंजी लाभ और विदेशी संपत्ति से आय प्राप्त करने वाले लोगों द्वारा भरा जाता है। वहीं, ITR- 5 फॉर्म LLP और एसोसिएशन ऑफ पर्सन के लिए, वहीं ITR- 7 उन लोगों के लिए है जिन्हें ट्रस्ट अथवा अन्य कानूनी दायित्वों के तहत रखी गई संपत्ति से आय प्राप्त होती है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें