Union Budget 2023: 31 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, 66 दिनों तक चलेगा सेशन

Union Budget 2023: 1 फरवरी को केंद्र सरकार वित्त वर्ष 2023 से 2024 का आम बजट (Union Budget 2023) पेश करेगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) बजट प्रस्ताव को संसद के पटल पर रखेंगी

अपडेटेड Jan 13, 2023 पर 1:21 PM
Union Budget 2023: 31 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र

Budget Session 2023: संसद (Parliament) के बजट सत्र (Budget Session) की तारीख का ऐलान हो गया है। इस बार बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) ने शुक्रवार को एक ट्वीट कर ये जानकारी दी है। 1 फरवरी को केंद्र सरकार वित्त वर्ष 2023 से 2024 का बजट (Union Budget 2023) पेश करेगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) बजट प्रस्ताव को संसद के पटल पर रखेंगी।

प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट में लिखा, "संसद का बजट सत्र, 31 जनवरी 2023 से शुरू होगा और सामान्य अवकाश के साथ 66 दिनों में 27 बैठकों के साथ 6 अप्रैल तक चलेगा। अमृत ​​काल के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, केंद्रीय बजट और दूसरे मदों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं।"

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को सुबह 11 बजे संसद में केंद्रीय बजट 2023-2024 पेश करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जनवरी को संसद के दोनों सदनों को एक साथ सुबह 11 बजे संबोधित कर आधिकारिक तौर पर बजट सत्र की शुरुआत करेंगी।

Union Budget 2023 : इन 4 स्टेप्स में तैयार होता है बजट, जान लीजिए पूरा प्रोसेस


बजट से एक दिन पहले 31 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey) संसद में पेश किया जाता है। वित्त मंत्रालय ने 10 अक्टूबर, 2022 को अपने सालाना बजट बनाने की कवायद शुरू की थी।

आर्थिक सर्वे देश में सालाना आर्थिक विकास की एक तस्वीर पेश करता है। इसमें अर्थव्यवस्था के सामने आने वालीं प्रमुख चुनौतियों और उनके संभावित समाधानों के बारे में बताया जाता है। इस बार का सर्वे मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी अनंत नागेश्वरन तैयार कर रहे हैं।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।