Union Budget 2023: सरकार फर्टिलाइजर पर सब्सिडी (Fertilizer Subsidy) घटा सकती है। इसकी दो बड़ी वजहें हैं। पहला, ग्लोबल मार्केट में फर्टिलाइजर की कीमतों में कमी आई है। दूसरा, सरकार बजट डेफिसिट (Budget Deficit) में कमी लाना चाहती है। मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अगले बजट में सरकार फाइनेंशियल ईयर 2023-24 के लिए फर्टिलाइजर सब्सिडी के लिए आवंटन घटाकर 1 से 1.5 लाख करोड़ रुपये कर सकती है। इस फाइनेंशियल ईयर (2022-23) में फर्टिलाइजर सब्सिडी पर सरकार का खर्च 2.2 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। फर्टिलाइजर्स की कीमतें बढ़ने से इस पर खर्च बजट अनुमान के मुकाबले बढ़ गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी, 2023 को यूनियन बजट (Budget 2023) पेश करेंगी। अनुमान है कि वह फर्टिलाइजर पर सब्सिडी में कमी का ऐलान कर सकती हैं।
