सिटीग्रुप (Citigroup) ने इस साल जनवरी महीने में लगभग 1,000 नौकरियों में कटौती की। अब यह मार्च 2026 में छंटनी के एक और राउंड की तैयारी में है। रॉयटर्स के मुताबिक, सूत्रों से पता चला है कि छंटनी की नई लहर की घोषणा बोनस का भुगतान होने के बाद हो सकती है। सिटी की CEO जेन फ्रेजर एक बड़े बदलाव की योजना पर काम कर रही हैं। मकसद है- लागत कम करना, रेगुलेटरी समस्याओं को ठीक करना और प्रतिद्वंद्वियों के साथ मुकाबला करने में बैंक की मदद के लिए मुनाफा बढ़ाना।
रॉयटर्स की रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि मार्च में होने वाली छंटनी से अलग-अलग बिजनेस में मैनेजिंग डायरेक्टर और सीनियर कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। कर्मचारियों की संख्या कम होने से पहले कुछ सीनियर मैनेजरों का रोल सुरक्षित करने के लिए उन्हें पहले ही अलग-अलग डिवीजंस में फिर से नियुक्त किया जा चुका है। एक दूसरे सूत्र का कहना है कि इस महीने यानि कि जनवरी के जॉब कट से कई सीनियर कर्मचारी भी प्रभावित हुए हैं।
2026 में आगे भी जारी रहेगी छंटनी
एक बयान में, सिटीग्रुप कह चुकी है कि बैंक 2026 में कर्मचारियों की संख्या कम करना जारी रखेगी। मुख्य वित्तीय अधिकारी मार्क मेसन ने एक अर्निंग्स कॉल के दौरान कहा कि सिटी के कर्मचारियों की संख्या 2022 में 240,000 थी। पिछले साल के अंत तक यह घटकर 226,000 कर्मचारी रह गई। जेन फ्रेजर ने साल 2021 में सिटीग्रुप की CEO का पद संभाला था। उन्हें अपनी बदलाव योजना में प्रगति के लिए 2.5 करोड़ डॉलर का वन टाइम इक्विटी अवॉर्ड मिल चुका है। अक्टूबर 2025 में उन्हें बोर्ड का चेयरमैन चुना गया।
साल 2023 और 2024 में कंपनी ने बड़ी छंटनी की घोषणा की थी क्योंकि वह मैनेजमेंट लेयर्स को कम कर रही थी और एसेट्स को बेच रही थी। हालांकि अब कर्मचारियों की संख्या में कमी अधिक विवेकपूर्ण तरीके से की जा रही है।