Cloudflare Layoffs: क्लाउडफ्लेयर में छंटनी, AI के कारण 1100 से ज्यादा नौकरियां होने वाली हैं खत्म

Cloudflare Layoffs: यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब निवेशकों और अर्थशास्त्रियों के बीच यह चिंता बढ़ रही है कि AI-बेस्ड ऑटोमेशन उद्योगों को बाधित कर सकता है। साथ ही उन सेक्टर्स में नौकरियां जाने की रफ्तार को तेज कर सकता है, जो ऑटोमेशन के प्रति सबसे ज्यादा संवेदनशील हैं

अपडेटेड May 08, 2026 पर 12:07 PM
2025 के आखिर में Cloudflare के पास 5,156 फुल-टाइम कर्मचारी थे।

अमेरिकी कंपनी क्लाउडफ्लेयर (Cloudflare) में छंटनी होने जा रही है। कंपनी अपने लगभग 20 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। रॉयटर्स के मुताबिक, यह आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स को तेजी से अपनाने के हिसाब से अपने कामकाज को फिर से व्यवस्थित कर रही है। साथ ही कंपनी का यह भी कहना है कि अप्रैल—जून तिमाही के रेवेन्यू को लेकर उसका अनुमान वॉल स्ट्रीट के अनुमानों से थोड़ा कम है। क्लाउडफ्लेयर, इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सिक्योरिटी कंपनी है।

इसकी योजना दुनिया भर में 1,100 से ज्यादा नौकरियां खत्म करने की है। 2025 के आखिर में कंपनी के पास 5,156 फुल-टाइम कर्मचारी थे। कंपनी को उम्मीद है कि जून तिमाही में इन छंटनियों से जुड़े खर्च 14 से 15 करोड़ डॉलर के बीच होंगे।

3 महीनों में AI का इस्तेमाल 6 गुना से भी ज्यादा बढ़ा


क्लाउडफेयर का कहना है कि यह छंटनी कर्मचारियों के प्रदर्शन या कम समय के लिए लागत कम करने के दबाव की वजह से नहीं हो रही है। बल्कि कंपनी के अंदरूनी कामों और भूमिकाओं को नए सिरे से डिजाइन करने की वजह से की जा रही है। पिछले 3 महीनों में क्लाउडफेयर ने AI का इस्तेमाल 6 गुना से भी ज्यादा बढ़ा दिया है, जिसकी वजह से टीमों के काम करने के तरीके में बड़े बदलाव आए हैं। कंपनी के CEO मैथ्यू प्रिंस और को-फाउंडर मिशेल जैटलिन ने कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में कहा कि कंपनी हर टीम और काम करने के तरीके को नए सिरे से सोच रही है। ऐसा इसलिए ताकि वे उस दौर में काम कर सकें, जिसे 'एजेंटिक AI युग' करार दिया गया है।

Cloudflare की वित्तीय सेहत

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, LSEG का डेटा कहता है कि क्लाउडफेयर का रेवेन्यू जून 2026 तिमाही में 66.4 करोड़ डॉलर से 66.5 करोड़ डॉलर के बीच रह सकता है। एडजस्टेड अर्निंग्स 27 सेंट प्रति शेयर रहने का अनुमान है। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में Cloudflare ने 63.98 करोड़ डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया। एडजस्टेड मुनाफा 25 सेंट प्रति शेयर रहा। इस साल अब तक क्लाउडफेयर के शेयरों में 30.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।