Warner Bros-Paramount Deal: मीडिया जगत की दो दिग्गज कंपनियों वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी और पैरामाउंट स्काईडांस के मर्जर की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन इस डील में सबसे ज्यादा चर्चा वॉर्नर ब्रदर्स के सीईओ डेविड जस्लाव को मिलने वाले भारी-भरकम 'पे-आउट' की हो रही है। सोमवार को कंपनी की ओर से दी गई फाइलिंग के अनुसार, कंपनी बिकने पर जस्लाव को 667.2 मिलियन डॉलर यानी करीब 5,500 करोड़ रुपये से अधिक मिल सकते हैं।
पैकेज में क्या-क्या शामिल है?
66 वर्षीय डेविड जस्लाव को मिलने वाली यह विशाल राशि कई हिस्सों में बंटी हुई है:
कैश सेवरेंस: नौकरी छोड़ने के बदले उन्हें 34.2 मिलियन डॉलर नकद मिलेंगे।
वेस्टेड स्टॉक: उनके पास पहले से मौजूद शेयर अवार्ड्स की कीमत 115.8 मिलियन डॉलर है।
ट्रिगर शेयर अवार्ड्स: इस डील के होने के कारण उन्हें 517.2 मिलियन डॉलर के अतिरिक्त शेयर अवार्ड्स मिलेंगे।
टैक्स रिइम्बर्समेंट: जस्लाव को टैक्स के भुगतान के लिए 335.4 मिलियन डॉलर की रिम्बर्समेंट भी मिल सकती है। हालांकि, यह राशि समय के साथ कम हो सकती है और अगर डील 2027 में पूरी होती है, तो यह शून्य हो जाएगी।
इस महीने की शुरुआत में डेविड जस्लाव ने वॉर्नर ब्रदर्स के अपने निजी शेयर बेचकर पहले ही 113 मिलियन डॉलर की कमाई कर ली है। अब कंपनी की बिक्री का यह नया 'विदाई पैकेज' उनके करियर की सबसे बड़ी कमाई साबित हो सकता है।
सौदों के माहिर खिलाड़ी है जस्लाव
डेविड जस्लाव लंबे समय से अमेरिका के सबसे अधिक वेतन पाने वाले अधिकारियों की सूची में शामिल रहे हैं। उन्होंने ही 2022 में 'डिस्कवरी इंक' और एटीएंडटी के 'वॉर्नर-मीडिया' के बीच विलय कराया था। केबल टीवी के गिरते मुनाफे के कारण वॉर्नर ब्रदर्स के शेयरों में गिरावट आई, जिसके बाद जस्लाव ने कंपनी की बिक्री की कमान संभाली। पहले उन्होंने स्टूडियो और स्ट्रीमिंग बिजनेस को नेटफ्लिक्स को बेचने की कोशिश की, लेकिन अंत में 110 अरब डॉलर की भारी-भरकम कीमत पर पूरी कंपनी को पैरामाउंट को बेचने का सौदा तय किया।
वैसे आपको बता दें कि यह सौदा अभी पूरी तरह पक्का नहीं हुआ है। इस डील के लिए अभी रेगुलेटर्स की मंजूरी मिलना बाकी है। इसके साथ ही वॉर्नर ब्रदर्स के शेयरधारकों का वोट होना भी शेष है।