जोमैटो और ब्लिंकिट की मालिक Eternal के दीपिंदर गोयल अब कंपनी के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर के पद से हट गए हैं। वह अब वाइस चेयरमैन की भूमिका संभालेंगे। Albinder Singh Dhindsa कंपनी के नए CEO होंगे, जो फिलहाल Blinkit के CEO हैं। इस बात की जानकारी Eternal ने बुधवार को दी।
दीपिंदर गोयल ने क्यों दिया इस्तीफा
दीपिंदर गोयल ने शेयरधारकों को लिखे अपने पत्र में कहा, 'हाल के दिनों में मैं कुछ ऐसे नए विचारों की ओर खिंच रहा हूं, जिनमें ज्यादा जोखिम और प्रयोग शामिल हैं। ऐसे आइडियाज किसी पब्लिक कंपनी जैसे Eternal के बाहर ही बेहतर तरीके से आगे बढ़ाए जा सकते हैं।'
उन्होंने कहा कि अगर ये विचार Eternal के बिजनेस के दायरे में होते, तो मैं इन्हें कंपनी के अंदर ही करता, लेकिन ऐसा नहीं है। Eternal को अपने मौजूदा काम पर फोकस्ड और अनुशासित बने रहना चाहिए।
CEO की जिम्मेदारी और फोकस की जरूरत
गोयल ने कहा कि मुझे लगता है कि मेरे पास Eternal में काम जारी रखने और बाहर नए आइडियाज पर सोचने की क्षमता है, लेकिन भारत में एक पब्लिक कंपनी के CEO से जुड़ी कानूनी और दूसरी जिम्मेदारियां पूरी तरह फोकस मांगती हैं।
उन्होंने कहा, 'यह बदलाव Eternal को उसके काम पर पूरी तरह ध्यान देने का मौका देता है और मुझे उन विचारों पर काम करने की जगह देता है, जो कंपनी के रिस्क प्रोफाइल में फिट नहीं बैठते।'
Eternal के दिसंबर तिमाही के नतीजे
Eternal ने Q3 FY26 में ₹102 करोड़ का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। यह एक साल पहले के ₹59 करोड़ के मुकाबले 73% सालाना बढ़त है। वहीं, कंपनी की ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर ₹16,315 करोड़ पहुंच गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।