फेसबुक (Facebook) के को-फाउंडर मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित अपना घर 3.1 करोड़ डॉलर (करीब 247 करोड़ रुपये) में बेच दिया है। यह सैन फ्रांसिस्को में इस साल बिकने वाला सबसे महंगा घर है। जुकरबर्ग ने इस घर को साल 2012 में 1 करोड़ डॉलर (करीब 80 करोड़ रुपये) में खरीदा था। इस तरह जुकरबर्ग ने करीब तीन गुनी कीमत पर यह घर बेचा है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घर डोलोरस पार्क के पास लिबर्टी हिल में स्थित है। यह घर 1928 में बना था और यह पूरी जमीन 10890 स्क्वायर फीट में फैली हुई है, जिसमें 7,000 स्क्वायर फीट में मकान बना है।
मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक के अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद इस घर को खरीदा था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वह और उनकी पत्नी प्रिसिला चैन ने इस घर को मोडिफाई करने के लिए साल 2013 में कई मिलियन डॉलर खर्च किए थे। इसके तहत उन्होंने लॉन्ड्री रूम, वाइन रूम, वेट बार और ग्रीनहाउस बनवाए, जो इस घर में पहले से नहीं थे।
डेलीमेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जुकरबर्ग ने इस घर में काफी रिनोवेशन करवाया था। इन सालों के दौरान जुकरबर्ग से उनके कई पड़ोसियों ने लगातार जारी कंस्ट्रक्शन और 'अवैध तरीके' से पार्क की गई गाड़ियों को लेकर शिकायत भी की थी।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जुकरबर्ग के पास इसके अलावा सिलिकॉन वैली, लेक टहोई और हवाई में भी कई घर हैं। जुकरबर्ग ने सिलिकॉन वैली में 5-घरों का एक बड़ा कंपाउंड खरीदा हुआ है। उन्होंने सबसे पहले वहां 70 लाख डॉलर में एक बड़ा घर खरीदा था। बाद में उन्होंने उसके आस-पास के 4 और खरीदकर उसे एक बड़े रियल एस्सेट प्रॉपर्टी में बदल दिया।
जुकरबर्ग ने सैन फ्रांसिस्को का अपना घर ऐसे समय में बेचा है, जब उनकी नेटवर्थ इस साल घट कर आधी रह गई है। फोर्ब्स के रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, मार्क जुकरबर्ग की कुल नेटवर्थ इस समय घटकर 60 अरब डॉलर हो गई है और दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में वह खिसककर 20वें नंबर पर पहुंच गए हैं। जुकरबर्ग की संपत्ति में इस साल 50 फीसदी से अधिक या करीब 63.5 अरब डॉलर की गिरावट आई है।