इनवेस्टमेंट फर्म जनरल अटलांटिक, बाइटडांस (ByteDance) में अपनी इक्विटी हिस्सेदारी बेच रही है। इस डील के बेसिस पर बाइटडांस की वैल्यू 550 अरब डॉलर आंकी गई है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से यह बात कही गई है। चीन की बाइटडांस, शॉर्ट वीडियो ऐप टिकटॉक की पेरेंट कंपनी है। पिछले साल शेयर बायबैक के बाद से कंपनी की वैल्यू में 66% की बढ़ोतरी हुई है। बायबैक से कंपनी की वैल्यू 330 अरब डॉलर से ज्यादा हो गई थी। इसके बाद नवंबर 2025 में एक सेकेंडरी मार्केट डील से बाइटडांस की वैल्यू 480 अरब डॉलर आंकी गई थी।
जनरल अटलांटिक ने साल 2017 में पहली बार बाइटडांस में निवेश किया था। उस वक्त बाइटडांस की वैल्यू लगभग 20 अरब डॉलर थी। जनरल अटलांटिक ने हाल के हफ्तों में अपने कुछ शेयर बेचने की प्रोसेस शुरू की है और उम्मीद है कि यह बिक्री मार्च में पूरी हो जाएगी। हिस्सेदारी बिक्री की वित्तीय शर्तें क्या हैं, बाइटडांस में जनरल अटलांटिक की शेयरहोल्डिंग कितनी है, ट्रांजेक्शन के बाद शेयरहोल्डिंग कितनी रह जाएगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जनरल अटलांटिक के CEO बिल फोर्ड अभी बाइटडांस के बोर्ड में हैं।
TikTok के अलावा बाइटडांस के मुख्य प्रोडक्ट्स में न्यूज एग्रीगेटर टुटियाओ और शॉर्ट वीडियो ऐप डॉयिन शामिल हैं। डॉयिन चीन में TikTok जैसा है। 2025 में, यह अपने चैटबॉट डॉउबाओ की वजह से कंज्यूमर AI ऐप्स में चीन की लीडिंग कंपनी भी बनी।
अमेरिकी ऑपरेशंस का ज्यादातर हिस्सा अमेरिकी इनवेस्टर्स को कर चुकी है ट्रांसफर
बाइटडांस ने इस साल जनवरी में अपने अमेरिकी ऑपरेशंस के ज्यादातर हिस्से को अमेरिकी इनवेस्टर्स को ट्रांसफर करने का सौदा कंप्लीट कर लिया। इससे अब अमेरिका में टिकटॉक का भविष्य सुरक्षित हो गया है और अब इस पर बैन नहीं लगेगा। अमेरिका में कांग्रेस ने मूल रूप से 2024 में एक कानून पास किया था, जिसमें ByteDance द्वारा TikTok के अमेरिकी ऑपरेशंस न बेचने पर ऐप पर बैन लगाने की बात कही गई थी। चिंता जताई गई थी कि चीनी सरकार अमेरिकी यूजर्स के डेटा तक पहुंच का गलत इस्तेमाल कर सकती है। या फिर चीन द्वारा पसंद किए जाने वाले नैरेटिव को बढ़ावा देने के लिए ऐप का इस्तेमाल कर सकती है। शुरुआत में बैन से बचने के लिए जनवरी 2025 तक डील होने वाली थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने TikTok को और समय देने के लिए कई बार डील की डेडलाइन बढ़ाई। सितंबर 2025 में ट्रंप ने कानून को लागू किए जाने को 20 जनवरी 2026 तक के लिए टाल दिया।
जनवरी 2026 में ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया कि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर 3 मैनेजिंग इनवेस्टर्स- ओरेकल कॉर्प, प्राइवेट इक्विटी फर्म सिल्वर लेक मैनेजमेंट LLC, और अबू धाबी की निवेश कंपनी MGX के साथ एक अमेरिकी एंटिटी बनाई है। TikTok के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर शौ च्यू को बोर्ड में जगह मिली है। एडम प्रेसर CEO के तौर पर अमेरिकी वेंचर की कमान संभालेंगे। नए वेंचर का नाम TikTok USDS Joint Venture LLC है।