Godfrey Phillips Q1 Results: सिगरेट निर्माता गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया (Godfrey Phillips India Ltd) ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के लिए बेहतरीन नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का शुद्ध लाभ 56.0% की तेज छलांग के साथ ₹356.3 करोड़ रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में ₹228.5 करोड़ था।
अप्रैल-जून तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय 36.6% बढ़कर ₹1,486 करोड़ पहुंची, जबकि पिछले वर्ष यह ₹1,088 करोड़ रही थी। वहीं, ऑपरेटिंग स्तर पर EBITDA 25.3% की वृद्धि के साथ ₹338 करोड़ रहा। हालांकि, EBITDA मार्जिन घटकर 22.7% हो गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 24.8% था।
बोनस शेयर और पूंजी विस्तार की घोषणा
Godfrey Phillips ने 2:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत हर एक मौजूदा इक्विटी शेयर पर दो बोनस शेयर दिए जाएंगे। इस प्रस्तावित इश्यू के लिए ₹2,079.76 लाख को कंपनी के जनरल रिजर्व या रिटेन्ड अर्निंग्स से पूंजीकृत किया जाएगा। बोनस शेयर इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट 16 सितंबर 2025 तय की गई है। इस कदम से कंपनी की पेड-अप शेयर कैपिटल ₹1,039.88 लाख से बढ़कर ₹3,119.64 लाख हो जाएगी।
इसके साथ ही, कंपनी के बोर्ड ने अधिकृत शेयर पूंजी को ₹25 करोड़ से बढ़ाकर ₹50 करोड़ करने का निर्णय लिया है। इसके लिए कंपनी के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन में संशोधन प्रस्तावित है, जो शेयरधारकों और नियामकीय मंजूरियों के अधीन होगा।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अंतिम डिविडेंड भुगतान के लिए 22 अगस्त 2025 को रिकॉर्ड डेट तय की है। वहीं, कंपनी की 88वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) के मद्देनजर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स और शेयर ट्रांसफर बुक्स 23 अगस्त से 4 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगी।
Godfrey Phillips के शेयरों का हाल
Godfrey Phillips के नतीजे बाजार बंद होने के बाद जारी किए गए। BSE पर कंपनी का शेयर 2.49% की बढ़त के साथ ₹8,992.05 पर बंद हुआ। पिछले 1 साल में स्टॉक ने 125.34% का रिटर्न दिया है। इस साल यानी 2025 में भी स्टॉक करीब 79% ऊपर गया है।
Godfrey Phillips का बिजनेस क्या है?
Godfrey Phillips India तंबाकू उत्पाद बनाने वाली एक प्रमुख कंपनी है, जो खासतौर पर सिगरेट्स के लिए जानी जाती है। इसके प्रमुख ब्रांड्स में Four Square, Red & White, Cavanders और Tipper शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी चाय, पान मसाला और FMCG उत्पादों में भी मौजूद है। यह Modi Enterprises ग्रुप का हिस्सा है और देशभर में मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए कारोबार करती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।