बीयर के शौकीनों को लग सकता है झटका! Heineken NV बढ़ाने वाली है अपने प्रोडक्ट के दाम

दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी बीयर कंपनी हेनेकेन एनवी (Heineken NV) अगले साल से अपनी बीयर के दाम बढ़ाने की तैयारी कर रही है

अपडेटेड Dec 02, 2022 पर 8:22 PM
'KingFiser' बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड ब्रुअरीज का मालिकाना हक भी Heineken NV के पास है

दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी बीयर कंपनी हेनेकेन एनवी (Heineken NV) अगले साल से अपनी बीयर के दाम (Beer Price) बढ़ाने की तैयारी कर रही है। दुनिया के कई देशों और खासकर यूरोप में कच्चे माल और एनर्जी की कीमतों में उछाल के चलते Heineken NV की लागत में इजाफा हुआ है, जिसे कम करने के लिए वह कीमतों में बढ़ोतरी का सहारा ले सकती है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक Heineken NV को एनर्जी लागत में खासतौर से यूरोप में बढ़ोतरी के साथ अगले साल अपनी इनपुट लागत में प्रति हेक्टोलीटर 15-19% की बढ़ोतरी का अनुमान है।

Heineken NV ने कहा कि वह इनपुट लागत में बढ़ोतरी के असर को कम करने के लिए 'स्थानीय बाजार की स्थितियों के मुताबिक जिम्मेदारी से" कीमतें बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी ने कहा कि हालांकि इसके बावजूद उसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट अगले साल नेट रेवेन्यू से कम रहने की संभावना है।

बीयर कंपनी इस साल मोटे तौर पर कीमतों में बढ़ोतरी कर अपने मार्जिन को बचाने और बढ़ती लागत के असर को कम करने में कामयाब रही थी। हालांकि कस्टमर कीमतों में कितनी बढ़ोतरी सह सकता है, इसकी भी एक सीमा होती है। पिछले एक साल में तेजी से बढ़ी महंगाई और फूड और एनर्जी की कीमतों में उछाल ने पहले ही उसकी क्रय शक्ति को काफी कम कर दिया है।


यह भी पढ़ें- Yes Bank के शेयरों में 4% तक की तेजी, RBI से ₹8,898 करोड़ की हिस्सेदारी बेचने की मिली सशर्त मंजूरी

नीदरलैंड की इस बीयर कंपनी ने कहा कि उसे अगले साल अपनी बिक्री में स्थिर से लेकर मामूली बढ़ोतरी की उम्मीद है। कंपनी ने कहा कि यूरोप में वह अपनी बिक्री में गिरावट, वहीं विकासशील देशों में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रही है।

KingFiser बीयर के भी बढ़ेंगे दाम?

बता दें कि Heineken NV के पास भारत में अपनी खुद की बीयर 'Heineken' के अलावा 'किंगफिशर (KingFiser)' ब्रांडनेम से बीयर बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड ब्रुअरीज का भी मालिकाना हक है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी के फैसले का असर 'किंगफिशर' पर भी देखने को मिल सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।