IDBI Bank को आयकर विभाग से 2701.62 करोड़ रुपये का रिफंड ऑर्डर मिला है। इस अमाउंट में ब्याज भी शामिल है। बैंक ने शेयर बाजारों को इस बारे में दी सूचना में कहा है कि ऑर्डर असेसमेंट ईयर 2016-17 के लिए है। साथ ही यह भी कहा है कि इस आदेश से वित्तीय स्टेटमेंट्स पर पड़ने वाले प्रभावों का मूल्यांकन किया जा रहा है।
IDBI Bank का शुद्ध लाभ जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में 44 प्रतिशत उछलकर 1,628 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2022-23 की समान तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 1,133 करोड़ रुपये रहा था। जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में बैंक की कुल आमदनी बढ़कर 7,887 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल समान तिमाही में 7,014 करोड़ रुपये थी। बैंक की शुद्ध ब्याज आय मार्च तिमाही में 12 प्रतिशत बढ़कर 3,688 करोड़ रुपये रही है, जो पिछले साल समान तिमाही में 3,280 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2023-24 के लिए IDBI Bank का शुद्ध लाभ 55 प्रतिशत बढ़कर 5,634 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है। वित्त वर्ष 2022-23 में बैंक का शुद्ध लाभ 3,645 करोड़ रुपये था। बैंक की कुल आमदनी वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 30,037 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 24,942 करोड़ रुपये थी।
IDBI Bank के शेयर की कितनी है कीमत
IDBI Bank का शेयर प्राइस 7 जून को बीएसई पर 85.46 रुपये पर क्लोज हुआ। बैंक का मार्केट कैप करीब 92000 करोड़ रुपये है। पिछले एक साल में शेयर करीब 54 प्रतिशत चढ़ा है। 6 महीने में इसने 27 प्रतिशत से ज्यादा रिटर्न दिया है। शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 98.70 रुपये और निचला स्तर 53.07 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।