भारत का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर नवंबर में उम्मीद से ज्यादा धीमा पड़ा। HSBC मैन्युफैक्चरिंग PMI अक्टूबर के 59.2 से गिरकर 56.6 पर आ गया, जो नौ महीनों का सबसे निचला स्तर है। इंडेक्स अब भी ग्रोथ जोन में है, लेकिन यह गिरावट इतनी तेज थी कि थाईलैंड PMI रैंकिंग में भारत से आगे निकल गया।
थाईलैंड में ढाई साल का सबसे तेज सुधार
थाईलैंड का PMI बढ़कर 56.8 हो गया। यह उसका ढाई साल से ज्यादा का हाई है। बिजनेस सेंटिमेंट बेहतर हुआ है और कंपनियों को आने वाले महीनों में अर्थव्यवस्था के और मजबूत होने की उम्मीद है।
एशिया में कहां बढ़त, कहां गिरावट
नवंबर में एशिया की तस्वीर मिलीजुली रही। चीन में मैन्युफैक्चरिंग फिर से 50 के नीचे चली गई, यानी गिरावट में। हालांकि, कंपनियों में भरोसा बढ़ा है क्योंकि वे नीति समर्थन और नए प्रोडक्ट लॉन्च की उम्मीद कर रही हैं।
जापान और दक्षिण कोरिया भी गिरावट में रहे। लेकिन दोनों देशों में आने वाले साल को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
आसियान देशों में मजबूत रिकवरी
ASEAN ब्लॉक में मैन्युफैक्चरिंग तीसरे महीने भी सुधरी और PMI बढ़कर 53 पर पहुंचा। सर्वे इतिहास का तीसरा सबसे तेज सुधार।
मलेशिया तीन साल बाद ग्रोथ में लौटा। वियतनाम और इंडोनेशिया में मजबूत सुधार देखने को मिला। फिलीपींस कमजोर रहा और 2021 के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गया। हालांकि कंपनियां नए प्रोजेक्ट्स को लेकर आशावादी हैं।
पश्चिमी देशों में सुस्ती जारी
यूरोजोन का PMI पांच महीने के निचले स्तर 49.6 पर आ गया, हालांकि कंपनियों का भविष्य को लेकर भरोसा जून के बाद सबसे मजबूत रहा। अमेरिका का PMI थोड़ा गिरकर 52.2 रहा, लेकिन कंपनियों ने निवेश और सरकारी खर्च की वजह से भरोसा बढ़ने की बात कही।
ब्रिटेन 14 महीने बाद पहली बार ग्रोथ जोन में लौटा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया तीन महीने के हाई 51.6 पर पहुंच गया।
भारत में बिजनेस सेंटिमेंट
भारतीय कंपनियों का आशावाद (optimism) करीब साढ़े तीन साल के निचले स्तर पर आ गया है। सर्वे के मुताबिक, कंपनियां वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ने से चिंतित हैं। फिर भी ज्यादातर कंपनियां मानती हैं कि अगले 12 महीनों में उत्पादन बढ़ेगा।
ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग PMI थोड़ा फिसलकर 50.5 पर आ गया। बिजनेस एक्सपेक्टेशंस पांच महीने के उच्च स्तर पर तो पहुंचीं, लेकिन लगातार 20वें महीने दीर्घकालिक औसत से नीचे रहीं। थाईलैंड, ब्राजील और कोलंबिया सबसे अधिक आशावादी देशों में रहे, जबकि UK और US भी शीर्ष में शामिल थे।