Inox Wind Q1 Results: विंड एनर्जी सॉल्यूशंस प्रोवाइडर Inox Wind Ltd ने गुरुवार, 14 अगस्त को वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (Q1FY26) के नतीजे घोषित किए। इसमें कंपनी ने अब तक का सबसे ऊंचा तिमाही शुद्ध मुनाफा दर्ज किया और सभी प्रमुख वित्तीय पैमानों पर मजबूत प्रदर्शन किया।
कंपनी का शुद्ध मुनाफा 134% सालाना आधार पर बढ़कर ₹97.3 करोड़ रहा, जबकि इस दौरान ₹40 करोड़ का डिफर्ड टैक्स चार्ज (एक नॉन-कैश अकाउंटिंग एडजस्टमेंट) भी शामिल था। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा ₹41.6 करोड़ था। टैक्स से पहले मुनाफा (PBT) 167% बढ़कर ₹138 करोड़ रहा। टैक्स के बाद नकद मुनाफा (Cash Profit) 168% उछलकर ₹186 करोड़ पर पहुंच गया।
रेवेन्यू और मार्जिन का हाल
ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू 29.2% सालाना वृद्धि के साथ ₹826.3 करोड़ पर पहुंच गया। यह पिछले साल की समान तिमाही में ₹639.6 करोड़ था। EBITDA 36.5% बढ़कर ₹183.8 करोड़ हो गया। EBITDA मार्जिन 100 बेसिस प्वाइंट से ज्यादा बढ़कर 22.2% पर पहुंच गया, जो पिछले साल 21% था।
तिमाही के दौरान ऑर्डर एग्जीक्यूशन 146 मेगावाट तक पहुंच गया। कंपनी की ऑर्डर बुक लगभग 3.1 गीगावाट रही। Inox Wind Ltd ने First Energy से इक्विपमेंट सप्लाई का ऑर्डर जोड़ा। इससे इसके विविध ऑर्डर पोर्टफोलियो को मजबूती मिली। इसमें प्रमुख पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स (PSUs), इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स (IPPs) और कमर्शियल व इंडस्ट्रियल (C&I) ग्राहक शामिल हैं।
कंपनी ने अहमदाबाद, गुजरात के पास नया नैसेल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और राजस्थान में ट्रांसफॉर्मर यूनिट को ऑपरेशनल किया। साथ ही, कई प्रोजेक्ट साइट्स पर अपने क्रेन तैनात कर प्रोजेक्ट एक्सेक्यूशन क्षमता में सुधार किया।
Inox Wind की संचालन और रखरखाव (O&M) इकाई Inox Green ने देश के एक बड़े उद्योग समूह की 182 मेगावाट विंड प्रोजेक्ट्स के व्यापक O&M के लिए समझौता किया। Inox Green के सबस्टेशन बिजनेस के डिमर्जर और उसके Inox Renewable Solutions में मर्जर को स्टॉक एक्सचेंज से ‘नो ऑब्जेक्शन’ मिल गया।
इसके अलावा, Inox Wind Energy Ltd का Inox Wind Ltd में मर्जर पूरा हो गया, जिससे बैलेंस शीट में लगभग ₹2,050 करोड़ की देनदारियों में कमी आई।
Inox Wind के शेयरों का हाल
Inox Wind के तिमाही नतीजे बाजार बंद होने के बाद जारी किए गए। 14 अगस्त को BSE पर Inox Wind Ltd का शेयर 0.69% की मामूली गिरावट के साथ ₹137 पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने स्टॉक 21.89% नीचे आया है। 1 साल के दौरान इसमें 34.38% की गिरावट आई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।