Tata Play का आईपीओ आने से पहले खतरे की घंटी, वित्त वर्ष 2023 में इन कारणों से फीका रह सकता है कंपनी का परफॉरमेंस

Tata Group की सब्सिडियरी Tata Play 2500 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी में है। उससे पहले एनालिस्ट्स ने अनुमान लगाया है कि चालू वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी के कारोबार में दबाव दिख सकता है। जानिए किन कारणों से एनालिस्ट्स ऐसी आशंका जता रहे हैं

अपडेटेड Jan 02, 2023 पर 6:59 PM
टाटा ग्रुप (Tata Group) की सब्सिडियरी टाटा प्ले (Tata Play) 2500 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है।

टाटा ग्रुप (Tata Group) की सब्सिडियरी टाटा प्ले (Tata Play) 2500 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। पहले इस कंपनी का नाम टाटा स्काई (Tata Sky) था। यह डीटीएच सर्विसेज देती है। इसके अलावा यह टाटा प्ले बिंज (Tata Play Binge) के जरिए 17 से अधिक ओटीटी प्लेटफॉर्म की सर्विसेज देती है। यह टाटा प्ले ब्रॉडबैंड (Tata Play Broadband) के जरिए ब्रॉडबैंड सेवाएं भी देती है। टाटा प्ले देश के सबसे बड़े डायरेक्ट-टू-होम (DTH) प्लेयर्स में शुमार है। हालांकि एनालिस्ट्स का मानना है कि इसके डीटीएच कारोबार में गिरावट हो सकती है। डीटीएच कारोबार कंपनी के लिए कितना अहम है, इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि इसका 96 फीसदी रेवेन्यू इसी से आता है।

Multibagger Stock: इस केमिकल कंपनी ने सात साल में ही बना दिया करोड़पति, कम समय में भी निवेशकों को मिला ताबड़तोड़ रिटर्न

तकनीकी बदलाव


आजकल इंटरनेट से कनेक्ट होने वाली टीवी सेट्स का जमाना आ गया है जिसका इस्तेमाल अधिकतर ऑनलाइन वीडियोज देखने में होता है। अभी करीब 1 करोड़ घरों में यह इस्तेमाल होता है और एलारा कैपिटल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट करन तौरानी के मुताबिक अगले तीन वर्षों में यह बढ़कर 2-2.5 करोड़ परिवारों तक पहुंच सकता है। करन का कहना है कि अगले तीन वर्षों में फ्री-टू-एयर (FTA) भी बढ़कर 1.5 करोड़ परिवारों तक पहुंच सकता है। उनका मानना है कि अगले तीन वर्षों में टीवी वाले परिवारों में 75 फीसदी ग्रोथ इंटरनेट से जुड़ी टीवी और एफटीए में होगा और डीटीएच सर्विसेज की ग्रोथ में हिस्सेदारी बहुत कम रहेगी। नियर टर्म में डीटीएच में महज 3-4 फीसदी ग्रोथ रह सकती है।

TRAI की नीति से भी असर

वर्ष 2019 में ट्राई ने नया टैरिफ ऑर्डर पेश किया था। इसके तहत प्राइसिंग में अधिक पारदर्शिता के लिए टीवी चैनलों की अधिकतम प्राइस तय की गई यानी कि कितने में उसे सब्सक्राइब किया जा सकेगा। चैनल की कीमतें बढ़ने के चलते अब कंपनी के औसतन रेवेन्यू पर असर दिख सकता है। करन के मुताबिक मीडियम से लॉन्ग टर्म में कंपनी के सामने काफी चुनौतियां हैं।

New Year Resolutions: RPG Group के मालिक Harsh Goenka के सात रिजॉल्यूशन, नए साल के लिए जबरदस्त लक्ष्य

इंडस्ट्री से जुड़ी दिक्कतें

क्रिसिल रेटिंग्स के मुताबिक डीडी फ्री डिश और डिजिटिल एंटरटेनमेंट के अन्य विकल्पों से तगड़े कॉम्पटीशन के चलते टाटा प्ले के एक्टिव सब्सक्राइबर बेस में गिरावट आई है। लोग डीटीएच से स्मार्ट टीवी की तरफ स्विच कर रहे हैं तो ऐसे में सेट टॉप बॉक्स में अगर चैनल के साथ-साथ ओटीटी ऐप्स न मिले तो इसका टिका रहना मुश्किल है। इसके अलावा ओटीटी प्लेयर्स बल्क डील्स करते हैं। करन के मुताबिक टाटा प्ले को टाटा प्ले बिंज का सब्सक्राइबर बेस बढ़ाने के लिए भारी निवेश की जरूरत है। एनवी कैपिटल के को-फाउंडर नितिन मेनन के मुताबिक टाटा प्ले को अपने ब्रॉडबैंड बिजनेस और ओटीटी को मजबूत करना चाहिए लेकिन इनके भी कैश-फ्लो पॉजिटिव होने में कुछ समय लगेगा।

कंपनी की वित्तीय स्थिति

ट्राई के आंकड़ों के मुताबिक मार्च 2022 में डीटीएच सब्सक्राइबर्स की संख्या दिसंबर 2021 में 6.85 करोड़ से गिरकर 6.69 करोड़ पर आ गई। हालांकि जून 2022 में यह 6.70 करोड़ पर पहुंच गई। मार्च 2022 के आखिरी में टाटा प्ले के 2.3 करोड़ एक्टिव पे सब्सक्राइबर्स थे। कंपनी का डीटीएच से रेवेन्यू वित्त वर्ष 2022 में सालाना आधार पर 4593.01 करोड़ रुपये से गिरकर 4566.68 करोड़ रुपये रह गई। वित्त वर्ष 2021 में डीटीएच सेग्नेंट से टाटा प्ले का रेवेन्यू सालाना आधार पर 1.2 फीसदी गिरा था।

हालांकि ओवरऑल बात करें तो ब्रॉडबैंड कारोबार और टाटा बिंज मोबाइल एप्लीकेशन के दम पर टाटा प्ले का कंसालिडेटेड ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2022 में बढ़ा था। कंपनी का वित्त वर्ष 2022 में रेवेन्यू सालाना आधार पर 4682.21 करोड़ रुपये से बढ़कर 4741.07 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।