IREDA Q4 Update: सरकारी के मालिकाना हक वाली कंपनी IREDA (Indian Renewable Energy Development Agency) ने सोमवार, 31 मार्च को अपनी जनवरी-मार्च तिमाही की रिपोर्ट जारी की। कंपनी ने बताया कि उसकी लोन बुक तेजी से बढ़ रही है और वह रिन्यूएबल प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने के लिए कर्ज भी ले रही है।
IREDA ने बताया कि इस तिमाही में अप्रूव्ड लोन 27% बढ़कर ₹47,453 करोड़ हो गया। यह पिछले साल इसी अवधि में ₹37,354 करोड़ था।
लोन बांटने (disbursement) में भी 20% की बढ़त हुई, जो ₹30,168 करोड़ तक पहुंच गया। कंपनी की कुल बकाया लोन बुक (loan book outstanding) ₹76,250 करोड़ हो गई, जो एक साल पहले ₹59,968 करोड़ थी।
विदेश से फंडिंग और आगे की योजना
पिछले हफ्ते IREDA ने SBI की टोक्यो ब्रांच से 26 बिलियन जापानी येन का लोन लिया। यह पैसा भारत में रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स को बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होगा। इस लोन में 10 बिलियन येन का ग्रीन शू ऑप्शन भी है, जिससे जरूरत पड़ने पर और फंड मिल सकता है।
यह लोन 5 साल के लिए बिना किसी गारंटी के लिया गया है। साथ ही, कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹30,800 करोड़ का कर्ज लेने की योजना को मंजूरी दी है।
पिछले सोमवार को IREDA के शेयरों में 10% की तेजी आई थी, लेकिन उसके बाद पूरे हफ्ते गिरावट आई। शुक्रवार को स्टॉक ₹159.5 पर बंद हुआ, जो 1.3% की गिरावट है।
स्टॉक पिछले हफ्ते चर्चा में था क्योंकि RBI ने प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग (PSL) की गाइडलाइंस बदलीं, जिसमें रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर को भी शामिल किया गया। फिलहाल, IREDA के शेयर अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर ₹310 से 50% नीचे ट्रेड कर रहे हैं।