अमेरिकी बैंकिंग जगत में इन दिनों ऑटो लेंडर ट्राइकलर होल्डिंग्स (Tricolor Holdings) और कार पार्ट्स सप्लाई करने वाली कंपनी फर्स्ट ब्रांड्स ग्रुप (First Brands Group) के दिवालिया होने से हलचल मची हुई है। इस बीच अमेरिका के सबसे बड़े बैंक, जेपी मॉर्गन चेज एंड कंपनी के सीईओ जेमी डाइमन(Jamie Dimon) के एक बयान ने निवेशकों की चेतावनी और बढ़ा दी है। जेमी डाइमन ने कहा कि इन कंपनियों के दिवालिया होने के बाद निवेशकों को सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि जहां एक कॉकरोच दिखता है, वहां ऐसे और भी कॉकरोच होते हैं।
डाइमन का यह बयान बुधवार को एनालिस्ट्स के साथ एक बैठक के दौरान आया, जिसने पूरे वॉल स्ट्रीट को सतर्क कर दिया है। उन्होंने कहा, “जब ऐसी घटनाएं होती हैं, तो मेरा एंटिना तुरंत सक्रिय हो जाता है। शायद मुझे यह नहीं कहना चाहिए, लेकिन जब आप एक कॉकरोच देखते हैं, तो आमतौर पर वहां और भी कॉकरोच होते हैं। इस बारे में सभी को पहले से सतर्क रहना चाहिए।”
दिवालिया कंपनियों ने बढ़ाई चिंता
उन्होंने निवेशकों को सलाह दी, “बिजनेस डेवलपमेंट कंपनियों (BDC) और उनकी सार्वजनिक रूप से कारोबार की जाने वाली प्राइवेट क्रेडिट फैसिलिटी के प्राइस को देखें, और खुद रिसर्च करें। आने वाले समय में ये सेक्टर दबाव में आ सकते हैं।”
हाल के महीनों में निवेशक BDC (बिजनेस डेवलपमेंट कंपनियों) से बाहर निकल रहे हैं, जिन्हें 1.7 ट्रिलियन डॉलर के प्राइवेट क्रेडिट मार्केट का संकेतक माना जाता है। पिछले महीने Blackstone Private Credit Fund ने अपने शेयरहोल्डर पेआउट्स घटाने की घोषणा की थी, जिसने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी। यह इस सेक्टर का सबसे बड़ा नॉन-ट्रेडेड फंड है, जिसका साइज 75 अरब डॉलर है।
ट्राइकलर के दिवालिया होने से बढ़ी आशंका
Tricolor Holdings के अचानक दिवालिया होने से जेपी मॉर्गन को 170 मिलियन डॉलर (लगभग ₹1,490 करोड़) का नुकसान उठाना पड़ा। डाइमन ने स्वीकार किया, “यह हमारे लिए गर्व का पल नहीं है। यह हमें सतर्क रहने की याद दिलाता है।”
डाइमन की चेतावनी - “सब कुछ इतना अच्छा नहीं है”
डाइमन ने कहा कि बैंकिंग सेक्टर को अभी यह नहीं पता कि प्राइवेट क्रेडिट मार्केट के अंडरराइटिंग स्टैंडर्ड्स कितने मजबूत हैं। उन्होंने कहा, “कई निवेशक और फंड लंबे समय से इस सेक्टर में हैं, लेकिन यह मान लेना गलत होगा कि सभी बहुत स्मार्ट हैं। आने वाले समय में स्थिति उम्मीद से ज्यादा खराब हो सकती है।” जेपी मॉर्गन के CFO जेरेमी बार्नम ने भी कहा, “अभी सब कुछ ठीक दिख रहा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हमेशा ऐसा रहेगा।”
US बैंकिंग सेक्टर में मिले-जुले संकेत
जेपी मॉर्गन, सिटीग्रुप, वेल्स फार्गो और गोल्डमैन सैक्स जैसी प्रमुख अमेरिकी बैंकों के हालिया तिमाही नतीजे अच्छे रहे। इनमें से अधिकतर बैंकों का रेवेन्यू बाजार के अनुमानों से बेहतर रहा। हालांकि इसके बावजूद बैंकों के शीर्ष अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लोनिंग सेक्टर में संभावित कमजोरी और लेबर मार्केट में सुस्ती चिंता का विषय है। जेपी मॉर्गन और गोल्डमैन सैक्स के शेयरों में इन चेतावनी भरे बयानों और बढ़ती कर्मचारी लागतों के कारण गिरावट देखी गई। वहीं सिटीग्रुप और वेल्स फार्गो के शेयर में तेजी दिखी।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।