KPMG UK में छंटनी होने वाली है। तलवार कंपनी के ऑडिट बिजनेस और एडवाइजरी शाखा के कर्मचारियों पर लटक रही है। ऑडिट बिजनेस के लगभग 600 कर्मचारियों की नौकरियां खतरे में हैं। ब्लूमबर्ग न्यूज द्वारा देखे गए एक इंटर्नल मेमो के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों को बता दिया गया है कि उन्हें नौकरी से निकाला जा सकता है। हालांकि यह फैसला रेडंडेंसी कंसल्टेशन (छंटनी से पहले की प्रक्रिया) पर निर्भर करेगा। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति का कहना है कि कंपनी का अनुमान है कि अगर इस प्रक्रिया के बाद छंटनी का प्रस्ताव आगे बढ़ता है, तो ऑडिट बिजनेस से 440 तक लोगों को नौकरी छोड़नी पड़ सकती है।
फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वालों के हवाले से कहा गया है कि एडवाइजरी शाखा के कर्मचारियों को अलग से बताया गया है कि कंपनी लगभग 120 पदों को खत्म करेगी। साथ ही और सैकड़ों अन्य पदों पर भी छंटनी पर विचार करेगी। एडवाइजरी शाखा में 'एंटरप्राइज रिस्क डिपार्टमेंट' की नौकरियां सबसे ज्यादा प्रभावित होंगी। यह डिपार्टमेंट कंपनियों को गवर्नेंस, रिस्क और कंप्लायंस के मामलों में सलाह देता है। इसके अलावा कुछ बैक-ऑफिस कर्मचारियों और इकोनॉमिक्स टीम के सदस्यों पर भी छंटनी का असर पड़ेगा।
KPMG UK के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, 'मौजूदा बाजार स्थितियों के कारण हमारे ऑडिट विभाग के कुछ हिस्सों में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर बहुत कम है। यही कारण है कि हम उन क्षेत्रों में कर्मचारियों की संख्या को सही आकार देने का प्रस्ताव कर रहे हैं।' यह भी कहा कि यह फैसला आसानी से नहीं लिया गया है और कंपनी इसे गंभीरता से देख रही है।
ऑडिट विभाग के लगभग 6 प्रतिशत कर्मचारी होंगे प्रभावित
रिपोर्ट के मुताबिक, मामले से परिचित व्यक्ति ने बताया कि उन असिस्टेंट मैनेजरों की जॉब कट की जा रही है, जो क्वालिफाइड अकाउंटेंट हैं। यह प्रस्ताव इस विभाग के 7100 कर्मचारियों में से लगभग 6 प्रतिशत को प्रभावित करता है। KPMG के कई प्रतिद्वंद्वियों ने भी नौकरियों में कटौती की है। ऐसा इसलिए क्योंकि कंसल्टिंग इंडस्ट्री कई वर्षों के बड़े विस्तार के बाद अब लागतों पर लगाम लगाने की कोशिश कर रही है।
एडवाइजरी विभाग में क्यों छंटनी
फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, एडवाइजरी विभाग में छंटनी से परिचित एक व्यक्ति का कहना है कि पिछले लगभग 6 महीनों से कंपनी के 'बेंच' पर बैठे कर्मचारियों की संख्या काफी ज्यादा हो गई है। नए प्रोजेक्ट्स भी ज्यादा नहीं हैं। 'बेंच' पर बैठे कर्मचारियों से मतलब उन कंसल्टेंट्स से है, जिन्हें अभी तक कोई खास प्रोजेक्ट नहीं सौंपा गया है। कंपनी ने कुछ ऐसी प्रोजेक्ट भी गवां दिए हैं, जिनसे उसे नियमित रूप से अच्छी-खासी आमदनी होती थी।
UK में KPMG में लगभग 16,700 लोग काम करते हैं। इससे पहले ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि McKinsey & Co. की लीडरशिप टीम ने नॉन-क्लाइंट-फेसिंग विभागों के मैनेजरों के साथ अपने पूरे बिजनेस में कर्मचारियों की संख्या में लगभग 10 प्रतिशत की कटौती करने की जरूरत पर चर्चा की है। यह कटौती कुछ हजार नौकरियों तक हो सकती है। इसे McKinsey अगले 18 से 24 महीनों में चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी।