लखनऊ में लुलु मॉल खुल गया है। 22 लाख वर्ग फीट में बना यह मॉल इंडिया का सबसे बड़ा मॉल है। एरिया के लिहाज से यह देश का सबसे बड़ा मॉल है। अब तक कोच्चि का लुलु इंटरनेशनल मॉल देश का सबसे बड़ा मॉल था। यह 17 लाख वर्ग फुट में है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इस मॉल का उद्घाटन किया। आम लोगों के लिए यह सोमवार (11 जुलाई) से खुल गया है।
लखनऊ के लुलु माल को बनाने पर करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस माॉल में 300 से अधिक देशी और विदेशी ब्रांड्स के स्टोर मौजूद हैं। दूसरी खासियत है कि 11 स्क्रीन वाला सुपरप्लेक्स है। इसके फूड कोर्ट में 15 रेस्टॉरेंट्स और दो दर्जन से ज्यादा फूड आउटलेट्स हैं। इसमें एक साथ 1600 लोग बैठ सकते हैं। इसमें वेडिंग सेंटर भी है, जहां शादी का आयोजन किया जा सकता है।
इस मॉल में 3000 से ज्यादा गाड़ियां पार्क हो सकती हैं। 50,000 से ज्यादा लोग एक साथ शॉपिंग कर सकते हैं। इसमें बैंक एटीएम, बेबी केयर रूम, बैगेज काउंटर, कॉर वॉशिंग, दिव्यांगों के लिए विशेष वॉश रूम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
लुलु ग्रुप का यह उत्तर भारत में पहला मॉल है। यह ग्रुप पहले से देश के दक्षिणी हिस्से में मौजूद है। कोच्चि, बेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम में इसके मॉल पहले से हैं। लुलु अबुधाबी का बिजनेस ग्रुप है। यूसुफ अली इसके मालिक हैं। 66 वर्षीय अली केरल के रहने वाले हैं।
लुलु ग्रुप का कारोबार कई देशों में फैला है। इनमें खाड़ी देशों के अलावा अमेरिका, इंग्लैंड, इटली और चीन सहित कई देश शामिल हैं। अली का जन्म त्रिसूर में हुआ था। केरल में स्कूली पढ़ाने करने के बाद वह मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए गुजरात चले गए। 1973 में वह इंडिया छोड़ अबुधाबी चले गए। वहां उन्होंने EMKE Group में काम करना शुरू किया।
अली ने 2000 में लुलु हाइपरमार्केट की शुरुआत की। इसका कामकाज आज 22 देशों में फैला है। इसके कुल 235 रिटेल स्टोर हैं। इस ग्रुप की वेबसाइट के मुताबिक, आने वाले समय में यह 18 हाइपरमार्केट्स और 7 शॉपिंग मॉल खोलने जा रहा है। इस ग्रुप में 57,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। इसका सालाना टर्नओवर 8 अरब डॉलर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से आयोजित इनवेस्टमेंट समिट में अली भी आए थे। उन्होंने यूपी में बड़ा निवेश करने का वादा किया है।