खुदरा क्षेत्र में मजबूत मांग को देखते हुए भारत में और अधिक शॉपिंग मॉल खोलने की तैयारी कर रहा है लुलु ग्रुप

सुपरमार्केट चेन का संचालन करने वाले लुलु ग्रुप इंडिया ने पिछले महीने लखनऊ में एक मॉल की शुरुआत के साथ भारत में अपने कारोबार का विस्तार किया है। 11 एकड़ में करीब 2 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना देश का यह सबसे बड़ा शापिंग मॉल

अपडेटेड Aug 15, 2022 पर 4:37 PM
Lulu Group भारत में लगभग एक दर्जन और शॉपिंग मॉल खोलने की योजना बना रहा है

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) स्थित लुलु ग्रुप (Lulu Group) भारत में लगभग एक दर्जन और शॉपिंग मॉल खोलने की योजना बना रहा है। लुलु ग्रुप भारतीय खुदरा क्षेत्र में बड़ा अवसर देख रहा है। लुलु ग्रुप के भारत में फिलहाल 5 शॉपिंग मॉल है। ये मॉल कोच्चि, त्रिवेंद्रम, त्रिशूर, बेंगलुरु और लखनऊ में हैं, जिसमें लगभग 3.7 मिलियन वर्ग फुट का क्षेत्र शामिल है।

सुपरमार्केट चेन का संचालन करने वाले लुलु ग्रुप इंडिया ने पिछले महीने लखनऊ में एक विशाल मॉल की शुरुआत के साथ भारत में अपने कारोबार का विस्तार किया है। 11 एकड़ में करीब 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बना देश का यह सबसे बड़ा शापिंग मॉल है। यह खुलने के बाद अपने स्ट्रक्चर और खूबसूरती को लेकर चर्चाओं में है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर चेक-इन की लंबी लाइन से मिलेगा छुटकारा, समय बचाने के लिए इस ऐप का करें इस्तेमाल


लुलु ग्रुप इंडिया के शॉपिंग मॉल के डायरेक्टर शिबू फिलिप्स (Shibu Philips) ने एक इंटरव्यू में कहा कि भारतीय खुदरा बाजार का अभी भी "कम उपयोग" है। संगठित खुदरा की हिस्सेदारी भी अभी कम है।

उन्होंने कहा, "भारत लुलु के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्केट है। यह एक युवा आबादी है जिसकी प्रति व्यक्ति आय और खपत बढ़ रही है। यह एक बहुत ही कम उपयोग वाला मार्केट है, क्योंकि यदि आप संगठित खुदरा को देखते हैं, तो यह अभी भी केवल 12 प्रतिशत है। इसलिए , मेरा मानना ​​है कि अगर आपके पास सही बिजनेस मॉडल है तो यहां (भारत) बहुत अवसर हैं। लुलु पूरी तरह से भारत पर केंद्रित है।"

लुलु ग्रुप ने कोच्चि, त्रिवेंद्रम, त्रिशूर और बेंगलुरु के बाद लखनऊ पांचवा शहर है, जहां अपना सुपरमार्केट खोला है। गल्फ में बिजनेस जमाने के बाद 2006 में ग्रुप ने भारत का रूख किया। ग्रुप का कारोबार हाइपरमार्केट और शॉपिंग मॉल समेत ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है।

ग्रुप के संस्थापक युसुफ अली (Yusuff Ali) ने साल 2000 में लुलु हाइपरमार्केट की स्थापना की थी। उनका जन्म केरल के त्रिशूर जिले में हुआ था। ग्रुप वर्तमान में पश्चिमी एशिया, अमेरिका और यूरोप के 22 देशों में कारोबार का संचालन कर रहा है। दुनिया में इस ग्रुप के कुल 235 रिटेल स्टोर और कई शॉपिंग मॉल हैं।

खुदरा क्षेत्र में मजबूत पुनरुद्धार के साथ अगले साल के अंत तक 31 नए शॉपिंग मॉल के चालू होने की उम्मीद है। संपत्ति सलाहकार एनारॉक ने हाल ही में बताया था कि इस साल 12 शहरों में कुल 15 नए मॉल खुलेंगे। वहीं, 2023 के दौरान 16 और नए मॉल खुलेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।