बेंगलुरु की डिजिटल मैप्स स्टार्टअप मैपमाईइंडिया (MapMyIndia) की पैरेंट कंपनी सीई इंफो सिस्टम्स लिमिटेड ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि कंपनी के सीईओ रोहन वर्मा कंपनी से इस्तीफा देकर नया बिजनेस-टू-कंज्यूमर (B2C) वेंचर शुरू करेंगे। सीई इंफो सिस्टम लिमिटेड का शेयर 3 दिसंबर को 8.92 पर्सेंट की गिरावट के साथ 1,538.65 रुपये पर बंद हुआ। शेयरों में गिरावट की शुरुआत 2 दिसंबर से हो गई थी, जब सीईओ के इस्तीफे की खबर सार्वजनिक हुई थी।
इस इस्तीफे के बाद निवेशकों को इन अहम चीजों के बारे में जानना चाहिए
रेगुलेटरी शर्तें: रेगुलेटरी शर्तों के मुताबिक, रोहन वर्मा को मैपमाईइंडिया में एग्जिक्यूटिव रोल से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों को छोड़ने की जरूरत है। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, वर्मा कंपनी के बोर्ड में 1 अप्रैल 2025 से नॉन-एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर बने रहेंगे।
स्टेकहोल्डिंग: मैपमाईइंडिया ने बताया कि वह अब नई कंपनी में सीसीडी (CCDs) के जरिये 35 करोड़ रुपये निवेश नहीं करेगी। रोहन वर्मा ने एक अखबार को बताया कि कंपनी अब B2C वेंचर में 35 करोड़ रुपये निवेश नहीं करेगी।
रीस्ट्रक्चरिंग: नई B2C इकाई मैपमाईइंडिया के रिटेल ब्रांड मैप्पल्स (Mappls) का इस्तेमाल करेगी, जबकि मैपमाईइंडिया B2B2C और B2G2C से जुड़े ऑफरों के ब्रांड्स का इस्तेमाल जारी रखेगी। मैप्पल्स मॉल्स और ट्रैवल को कंज्यूमर्स के लिए जल्द मैप्पल्स गैजेट्स के साथ नई कंपनी को ट्रांसफर किया जाएगा और इनकी मार्केटिंग D2C या ई-कॉमर्स चैनलों के जरिये की जाएगी।
ऑटोनमी: एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, मैपमाईइंडिया के पास मैप्पल्स ऐप द्वारा इकट्ठा किए गए डेटा का ऐक्सेस होगा, ताकि कंपनी के मैप डेटा में सुधार किया जा सके। नई इकाई स्वतंत्र इकाई के तौर पर काम करेगी और बिजनेस, मार्केटिंग कॉस्ट, क्लाउड कॉस्ट आदि तमाम खर्चों को वहन करेगी।
डिस्क्लोजर: कंपनी ने यह भी खुलासा किया कि मैपमाईइंडिया के फाउंडर राकेश वर्मा और रश्मि वर्मा इस नए वेंचर का हिस्सा नहीं होंगे। बीएसई को दी गई जानकारी के मुताबिक, इससे रोहन वर्मा को B2C बिजनेस तैयार करने में अपनी एनर्जी पर फोकस करने में मदद मिलेगी।