मारुति सुजुकी गुजरात में करेगी ₹35000 करोड़ का निवेश, 12000 लोगों को मिलेगा रोजगार; शेयरों पर रहेगी नजर
Maruti Suzuki investment: मारुति सुजुकी गुजरात के खोराज में ₹35,000 करोड़ का मेगा निवेश करने जा रही है। नए कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से 10 लाख यूनिट सालाना क्षमता बनेगी। करीब 12,000 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। जानिए डिटेल।
घरेलू ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी गुजरात में एक नया प्लांट लगाने की योजना बना रही है।
Maruti Suzuki investment: देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी Maruti Suzuki India Limited गुजरात के खोराज में एक नया मेगा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने जा रही है। इस प्रोजेक्ट में कंपनी करीब ₹35,000 करोड़ का निवेश करेगी। प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 10 लाख कारों की होगी। इससे लगभग 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
1,750 एकड़ जमीन पर बनेगा प्लांट
यह मैन्युफैक्चरिंग यूनिट 1,750 एकड़ जमीन पर लगाई जाएगी, जिसे गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (GIDC) ने आवंटित किया है। इतना बड़ा प्लांट गुजरात में ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।
निवेश पत्र सौंपा गया, सरकार का भरोसा
इस निवेश से जुड़ा लेटर मारुति सुजुकी के मैनेजिंग डायरेक्टर हिटाची टेकुची ने गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) को सौंपा। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और कंपनी के होल-टाइम डायरेक्टर एवं एग्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर सुनील कक्कड़ भी मौजूद थे।
MSME और ऑटो एंसिलरी को मिलेगा बूस्ट
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि खोराज में ₹35,000 करोड़ के निवेश से बनने वाला यह मेगा कार प्लांट ऑटो एंसिलरी यूनिट्स और MSME सेक्टर की ग्रोथ को तेज करेगा। उनके मुताबिक, इससे गुजरात में एक मजबूत और संगठित ऑटो मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तैयार होगा।
भारत-जापान साझेदारी का उदाहरण
सीएम पटेल ने कहा कि गुजरात में मारुति सुजुकी की मौजूदगी भारत-जापान साझेदारी की मजबूती को दिखाती है। यह राज्य की पॉलिसी-ड्रिवन गवर्नेंस, वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्री-फ्रेंडली माहौल पर ग्लोबल निवेशकों के भरोसे का संकेत है। उन्होंने कहा कि गुजरात अब भारत के प्रमुख ऑटोमोबाइल हब्स में शुमार हो चुका है।
मारुति सुजुकी का मैन्युफैक्चरिंग सफर
मारुति सुजुकी ने 1983 में हरियाणा के गुरुग्राम में अपने पहले प्रोडक्शन प्लांट के साथ काम शुरू किया था। इसके बाद कंपनी ने गुरुग्राम, मानेसर और खरखौदा (हरियाणा) में प्लांट लगाए और हाल के वर्षों में गुजरात प्लांट को भी अपने ऑपरेशंस में शामिल किया है।
4 मिलियन यूनिट्स की क्षमता का लक्ष्य
मारुति सुजुकी घरेलू मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों को ध्यान में रखते हुए अपनी कुल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को 40 लाख यूनिट प्रति वर्ष तक बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। फिलहाल मारुति सुजुकी 17 मॉडल्स और 650 से ज्यादा वैरिएंट्स का उत्पादन करती है।
2025 में रिकॉर्ड प्रोडक्शन
साल 2025 में मारुति सुजुकी ने अब तक का सबसे ज्यादा सालाना उत्पादन दर्ज किया। कंपनी ने 22.55 लाख यूनिट्स का निर्माण किया। इसमें घरेलू बिक्री, एक्सपोर्ट और OEM सप्लाई शामिल हैं। यह लगातार दूसरा साल था, जब कंपनी का उत्पादन 20 लाख यूनिट्स से ज्यादा रहा।
टॉप मॉडल्स की मजबूत मांग
2025 में उत्पादन के लिहाज से मारुति सुजुकी के टॉप पांच मॉडल Fronx, Baleno, Swift, Dzire और Ertiga रहे। ये मॉडल घरेलू और एक्सपोर्ट दोनों बाजारों में कंपनी की मजबूत पकड़ को दिखाते हैं।
मारुति के शेयरों का हाल
मारुति सुजुकी के शेयर शुक्रवार को 1.70% गिरकर 15,877 रुपये पर बंद हुए। पिछले 1 महीने में स्टॉक 3.18% गिरा है। हालांकि, 1 साल में इसने करीब 30% का रिटर्न दिया है। मारुति सुजुकी का मार्केट कैप 4.99 लाख करोड़ रुपये है।
Disclaimer:यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।