Exclusive: Wipro ने जून तिमाही के लिए मिड और सीनियर-लेवल कर्मचारियों का Variable Pay रोका, जानिए डिटेल

सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि विप्रो केC-बैंड (मिड-मैनेजर लेवल) और उससे ऊपर के कर्मचारियों को Variable Pay इस बार नहीं दिया जा रहा है

अपडेटेड Aug 17, 2022 पर 7:39 PM
Wipro हर तिमाही के अंत में वेरिएबल पे का भुगतान करती है

देश की दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी विप्रो लिमिटेड (Wipro Limited) ने मार्जिन पर बढ़ते दबाव के बीच अप्रैल-जून तिमाही के लिए अपने मिड और सीनियर लेवल कर्मचारियों के वैरिएबल पे (Variable Pay) का भुगतान रोकने का फैसला किया है। इस मामले से सीधे वाकिफ कुछ सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि C-बैंड (मिड-मैनेजर लेवल) और उससे ऊपर के कर्मचारियों को Variable Pay इस बार नहीं दिया जा रहा है। साथ ही जो लोग सेल्स टीम में हैं, उनके इनसेंटिव भी रोके गए हैं।

Wipro की तरफ से कर्मचारियों का वैरिएबल पेमेंट और मार्जिन पर दबाव को कम करने का यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब अमेरिका में मंदी आने की आशंका जताई जा रही है। विप्रो, टीसीएम और इंफोसिस जैसी भारतीय आईटी कंपनियों के लिए सबसे बड़ा बाजार है और वहां की अर्थव्यवस्था में थोड़ी भी गिरावट इन कंपनियों के बिजनेस पर अच्छा असर डाल सकती है।


यह भी पढ़ें- Gainers & Losers: ऐसे 10 स्टॉक्स जिसमें आज 17 अगस्त को दिखा सबसे ज्यादा एक्शन

बैंड A और बैंड B (फ्रेशर्स और एसोसिएट्स) के कर्मचारियों को कंपनी अगस्त की सैलरी के साथ उनके टारगेट वेरिएबल पे (TVP) का 70 फीसदी भुगतान कर रही है, बशर्ते की वो इससे जुड़े बाकी शर्तों को पूरा करते हों। यह भुगतान महीने के अंत में किया जाएगा।

विप्रो हर तिमाही के अंत में वेरिएबल पे का भुगतान करती है। बैंड A, B और रेनबो (ट्रेनी) कर्मचारियों को कंपनी बिलेबल दिनों के आधार पर वेरिएबल पे देती है। वहीं बैंड सी और उसके ऊपर के कर्मचारियों का वेरिएबल पे कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन से जुड़ा होता है।

वैरिएबल पे, एंप्लॉयी की सैलरी पैकेज (कॉस्ट-टू-कंपनी) का हिस्सा होता है और यह या तो कर्मचारी के व्यक्तिगत प्रदर्शन या फिर कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर जुड़ा होता है। जूनियर लेवल कर्मचारियों के लिए वेरिएबल पे जहां 10 से 15 फीसदी होता है, वहीं मीडियम से सीनियर लेवल के कर्मचारियों के लिए यह सीटीसी का 20-30 प्रतिशत तक हो सकता है।

विप्रो ने इस बदलाव के बारे में कुछ दिनों कर्मचारियों को एक इंटरनल मेल के जरिए सूचना दी थी। मनीकंट्रोल ने इस मेल के कुछ हिस्सों को देखा है। कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा गया है कि ऑपरेटिंग मार्जिन पर लगातार दबाव बना हुआ है।

Wipro ने कर्मचारियों को बताया कि कंपनी तीन वित्तीय पैमानों पर वेरिएबल पे को मापती है। इसमें रेवेन्यू, ऑर्डर बुक और मार्जिन शामिल है। कंपनी ने बताया कि वह अपने मार्जिन पर आए दबाव के चलते वेरिएबल पे का भुगतान नहीं कर रही है। कंपनी ने कर्मचारियों से कहा कि आने वाले दिनों में प्रदर्शन में सुधार पर, इसके लाभ उन्हें ट्रांसफर किए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।