माइक्रोसॉफ्ट का Xbox डिवीजन अगले महीने यानि कि जुलाई में बड़े पैमाने पर छंटनी की योजना बना रहा है। साथ ही मार्केटिंग व दूसरे बजट्स में भारी कटौती की जा सकती है। यह बात ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कही गई है। यह छंटनी आशा शर्मा के नेतृत्व में पहली बड़ी रीस्ट्रक्चरिंग होगी। शर्मा ने फरवरी 2026 में Xbox की CEO का पद संभाला था। Xbox, माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग डिवीजन के तहत आने वाला वीडियो गेम और डिजिटल एंटरटेनमेंट ब्रांड है।
हाल के वर्षों में Xbox को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसकी वजह है कि Microsoft का सब्सक्रिप्शन और क्लाउड गेमिंग पर दांव, कंसोल की घटती बिक्री और ब्लॉकबस्टर गेम्स की कमी की भरपाई करने में नाकाम रहा है। छंटनी के तहत कितने लोगों की नौकरी जाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। अनुमान है कि 30 जून को माइक्रोसॉफ्ट का वित्त वर्ष खत्म होने के ठीक बाद छंटनी होगी।
5 सालों में सालाना रेवेन्यू 50 करोड़ डॉलर घटा
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों का कहना है कि कर्मचारियों को भेजे गए एक इंटरनल ईमेल में शर्मा ने कहा कि Xbox का अकाउंटेबिलिटी मार्जिन गिरकर 3 प्रतिशत हो गया है। कंपनी ने पिछले 5 वर्षों में कंटेंट, प्लेटफॉर्म्स और हार्डवेयर सब्सिडी पर 20 अरब डॉलर से अधिक खर्च किए हैं। इस बीच सालाना रेवेन्यू में लगभग आधा बिलियन डॉलर यानि कि 50 करोड़ डॉलर की गिरावट आई है। शर्मा का कहना है कि Xbox को आने वाले हफ्तों और महीनों में अपने प्लेटफॉर्म इंफ्रास्ट्रक्चर को फिर से बनाने और पोर्टफोलियो पर नए सिरे से विचार करने की जरूरत होगी।
Opendoor ने भारत में कामकाज समेटा
हाल ही में खबर आई कि अमेरिका की प्रॉपटेक कंपनी ओपनडोर भारत में अपना कामकाज बंद कर रही है। इसके चलते यह लगभग 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही है। वहीं कुछ प्रमुख कर्मचारियों को अमेरिका शिफ्ट कर रही है। यह जानकारी कंपनी के CEO काज़ नेजाटियन के एक नोट से सामने आई। ओपनडोर की शुरुआत 2014 में हुई थी। इसके iBuying मॉडल में टेक्नोलॉजी और डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल करके घर के मालिकों को इंस्टैंट कैश ऑफर दिए जाते थे, सीधे घर खरीदे जाते थे और फिर उन्हें दोबारा बेचा जाता था। कंपनी अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए घर गिरवी रखने और घर बेचने की सेवाएं भी देती है। यह अमेरिका के कई हाउसिंग मार्केट्स में काम करती है।