मदर डेयरी (Mother Dairy) ने मौजूदा वित्त वर्ष यानी FY25 में अपने कारोबार को 13 फीसदी बढ़ाकर 17000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष बंदलिश ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी को अपने डेयरी और एडिबल ऑयल प्रोडक्ट्स की मांग बेहतर रहने की उम्मीद है। मदर डेयरी दिल्ली-NCR में एक प्रमुख मिल्क सप्लायर है। यह ‘धारा’ ब्रांड के तहत पूरे देश में एडिबल ऑयल बेचती है और लगभग 400 ‘सफल’ रिटेल आउटलेट्स के जरिये दिल्ली-एनसीआर में ताजा फल और सब्जियों का विपणन करती है।
Mother Dairy का रेवेन्यू 15000 करोड़ के पार
बंदलिश ने कहा, "अपनी 50वीं एनिवर्सरी के अवसर पर हमने पिछले वित्त वर्ष में 15000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू को पार कर लिया।" उन्होंने कहा कि कंपनी लगातार बढ़ रही है और पिछले तीन वर्षों में रेवेन्यू में 40 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हासिल की है। बंदलिश ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम मौजूदा वित्त वर्ष में आगे बढ़ रहे हैं, हमें अपनी वृद्धि को तेज करने का भरोसा है, और हमें इसमें 1500 से 2000 करोड़ रुपये और जोड़ने की उम्मीद है।”
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की शुरुआत बहुत उत्साहजनक रही है। इस दौरान दही, आइसक्रीम और डेयरी पेय जैसे गर्मियों के मौसम वाले अधिकांश प्रोडक्ट्स की बिक्री वॉल्यूम के लिहाज से 40 फीसदी से अधिक बढ़ी। बंदलिश ने बताया, ‘‘इस साल, हम राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी को मजबूत करने, वितरण और क्षमता बढ़ाने और कंज्यूमर्स को उत्साहित करने के लिए नई पेशकश करने पर ध्यान दे रहे हैं।’’ पिछले तीन वित्तीय वर्षों में मदर डेयरी ने अपने रेवेन्यू में 4500 करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि की है। वर्ष 2024 में अबतक मदर डेयरी ने लगभग 30 प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं।
Mother Dairy की नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की योजना
मदर डेयरी ने एक मजबूत पोर्टफोलियो बनाने के लिए नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की योजना बनाई है, जिसमें फर्मेंटेड डेयरी, स्वीट्स और पनीर जैसे क्षेत्रों पर फोकस किया जाएगा। मदर डेयरी नागपुर, महाराष्ट्र और गुजरात में डेयरी के लिए फैसिलिटी ला रही है। नागपुर प्लांट एक मेगा-डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट होगा, जिसकी क्षमता 6 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे बढ़ाकर 10 लाख लीटर प्रतिदिन किया जा सकेगा। इस प्लांट में लिक्विड मिल्क और डेयरी प्रोडक्ट्स का निर्माण किया जाएगा।
कंपनी अपनी मौजूदा जूनागढ़ फैसिलिटी में टेबल बटर की क्षमता भी जोड़ेगी। फलों और सब्जियों की कैटेगरी में, मदर डेयरी कर्नाटक और गुजरात में पल्प और फ्रोजन पोर्टफोलियो के लिए ग्रीनफील्ड प्लांट स्थापित कर रही है। यह बाजारों में धारा की हिस्सेदारी को मजबूत करने पर भी विचार कर रही है।
Mother Dairy हर दिन बेचती है 45 लाख लीटर से अधिक दूध
1974 में शुरू की गई मदर डेयरी अब नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी है। इसकी स्थापना 'ऑपरेशन फ्लड' की पहल के तहत की गई थी, जो भारत को मिल्क-सफिशिएंट नेशन बनाने के लिए शुरू किया गया दुनिया का सबसे बड़ा डेयरी डेवलपमेंट प्रोग्राम है।
आज मदर डेयरी एक प्रमुख डेयरी कंपनी है, जो 'मदर डेयरी' ब्रांड के तहत दूध और दूध से बने प्रोडक्ट्स, जैसे कि कल्चर्ड प्रोडक्ट्स, आइसक्रीम, पनीर, घी आदि का निर्माण, विपणन और बिक्री करती है। यह देश भर में प्रतिदिन 45 लाख लीटर से अधिक दूध बेचता है, जिसमें से 35 लाख लीटर प्रतिदिन दिल्ली-एनसीआर में बिकता है। कंपनी के पास 'धारा' ब्रांड के तहत एडिबल ऑयल के प्रोडक्ट्स के साथ एक डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो भी है।