NDTV-Adani Deal: भारतीय न्यूज मीडिया कंपनी NDTV (न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड) ने मंगलवार 23 अगस्त को जारी एक बयान में बताया कि 'विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) ने 'वारंट' का इस्तेमाल कर आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड (RRPRH) की 99.50 हिस्सेदारी हासिल कर ली है और इस प्रक्रिया में उसके फाउंडर्स की कोई सहमति नहीं थी।'
बता दें कि RRPRH के पास एनडीटीवी की 29.18 फीसदी हिस्सेदारी थी। RRPRH को खरीदने के साथ ही एनडीटीवी की यह 29.18 फीसदी हिस्सेदारी विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) को चली गई, जो अडानी ग्रुप से जुड़ी कंपनी है। इस तरह अडानी ग्रुप की अब NDTV में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी हो गई है।
NDTV ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया, "एनडीटीवी के संस्थापकों की जानकारी, बातचीत या सहमति के बिना इन अधिकारों या 'वारंट्स' का इस्तेमाल किया गया है।"
NDTV का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब इसके कुछ घंटे पहले अडानी ग्रुप की मीडिया इकाई एएमजी नेटवर्क लिमिटेड (AMG Network Ltd) ने बताया कि उसकी सब्सिडियरी कंपनी विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL), एनडीटीवी में 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी और 26% हिस्सेदारी के लिए एक खुली पेशकश लाएगी।
AMG Network Ltd ने एक बयान में कहा, "VPCL ने आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड (RRPRH) की 99.5 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए वॉरंट का इस्तेमाल किया है।" कंपनी ने आगे कहा, "इस डील के चलते NDTV की 26 फीसदी और हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर लाना अनिवार्य हो जाएगा।"
इसके बाद अडानी ग्रुप की तीन कंपनियों ने NDTV की अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए करीब 493 करोड़ रुपये का ओपन ऑफर पेश किया। अगर यह ओपन ऑफर सफल हो जाता है, तो अडानी ग्रुप की NDTV में कुल हिस्सेदारी 55 फीसदी से अधिक हो जाएगी। साथ ही वह NDTV की मेजॉरिटी शेयरहोल्डर बन जाएगी।
NDTV ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि VPCL ने साल 2009-19 में एनडीटीवी के संस्थापकों- राधिका और प्रणय रॉय के साथएक लोन समझौता किया था और यह नोटिस इसी के आधार पर भेजा गया गया है। कंपनी ने कहा, "नोटिस में कहा गया है कि वीसीपीएल ने 10 रुपये प्रति शेयर पर 19,90,000 वारंट्स को RRPRH के इक्विटी शेयरों में बदलने के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है, और कुल 1.99 करोड़ रुपये RRPRH को ट्रांसफर किए गए हैं।"
एनडीटीवी ने आगे यह भी दावा किया कि इसके संस्थापकों को आज ही इन वारंट्स के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई है। यही कारण है कि कंपनी ने एक दिन पहले तक यानी 22 अगस्त को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया था कि उसके शेयरहोल्डिंग्स में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं हुआ है।
VCPL की तरफ से ओपन ऑफर लाए जाने पर, NDTV ने बताया कि इस बारे में हुई सार्वजनिक घोषणा की कॉपी आज यानी मंगलवार 23 अगस्त को मिला है, जिसमें '294 रुपये प्रति शेयर की दर से उसके 26 फीसदी तक शेयरों के अधिग्रहण का ओपन ऑफर है।' बता दें कि एनडीटीवी के संस्थापक प्रणय रॉय और राधिका रॉय की कंपनी में कुल मिलाकर 32.26 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
NDTV के शेयर मंगलवार को बीएसई में 2.61% की बढ़त के साथ 366.20 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों में इस साल अबतक 300 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। हालांकि, अडानी ग्रुप की तरफ से रखा गया 294 रुपये प्रति शेयर का ओपन ऑफर कंपनी के मौजूदा शेयर प्राइस से 19.71 प्रतिशत कम है।