नेटफ्लिक्स (Netflix) अपने यूजर्स बढ़ाने के लिए सस्ते प्लान लॉन्च करने पर विचार कर रही है। कंपनी का प्लान है कि वह ऐसे सस्ते प्लान लॉन्च करे जिनमें विज्ञापन दिखाया जाए। पिछले कई साल से Netflix बिना किसी विज्ञापन के फिल्में और टीवी शो दिखाती आ रही है। लेकिन कंपनी अब यह बड़ा बदलाव करने वाली है। कंपनी के को-चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर रीड हास्टिंग ने मंगलवार को निवेशकों से विज्ञापन की संभावनाओं पर बातचीत की।
Netflix क्यों सस्ता कर रही है प्लान?
कैलेंडर ईयर 2022 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में Netflix को 2 लाख ग्राहकों का नुकसान हुआ है। पिछले एक दशक में पहली बार Netflix के सब्सक्राइबर्स इतनी बड़ी संख्या में कम हुए हैं। आशंका है कि जून तिमाही में कंपनी को 20 लाख सब्सक्राइबर्स का नुकसान हो सकता है।
ग्राहकों की संख्या लगातार घटने के कारण Netflix अपने प्लान के रेट घटाने पर विचार कर रही है। ऐसे में कंपनी विज्ञापन के साथ कॉन्टेंट दिखाएगी और प्लान सस्ते रखेगी।
Netflix के कितने सब्सक्राइबर्स हैं?
दुनिया भर में Netflix के करीब 22 करोड़ सब्सक्राइबर्स हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से कंपनी के सब्सक्राइबर्स की ग्रोथ थम सी गई है। मार्च 2022 तिमाही में कंपनी की आमदनी 9.8% बढ़कर 7.87 अरब डॉलर रही। लेकिन फिर भी यह वॉलस्ट्रीट की उम्मीदों से कम रहा। Netflix के अनुमान के मुताबिक, 10 करोड़ ऐसे लोग हैं जो बिना पेमेंट किए सर्विस एंजॉय कर रहे हैं। ये वो लोग हैं जो अपने रिश्तेदारों या दोस्तों का Netflix सब्सक्रिप्शन इस्तेमाल करते हैं।
शेयरों में जबरदस्त गिरावट
मंगलवार को Netflix के शेयरों में 27% की गिरावट आई है। कंपनी के नतीजे अनुमान से कम रहने के कारण निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। इसकी वजह से कंपनी के शेयर 27% गिरकर 256 डॉलर पर आ गए।
जानिए क्या है मौजूदा प्लान
अभी Netflix का मोबाइल प्लान 149 रुपए का है। यह सबसे सस्ता प्लान है। कंपनी ने कुछ महीनों पहले ही मोबाइल प्लान की शुरुआत की थी। Netflix के बेसिक प्लान की शुरुआत 199 रुपए से होती है। वहीं कंपनी का प्रीमियम प्लान 649 रुपए का है।