Oracle layoffs: माइक्रोसॉफ्ट, मेटा और सेल्सफोर्स जैसी बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के बाद अब दिग्गज टेक कंपनी Oracle ने छंटनी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी टेक कंपनी ओरेकल ने पिछले हफ्ते भारत में अपने कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। मनीकंट्रोल को सूत्रों ने बताया कि अब तक यह छंटनी ओरेकल क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर (OCI) और ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर (OFSS) डिवीजनों में हुई है, जिससे सैकड़ों कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, ओरेकल के भारत में करीब 30,000 कर्मचारी काम करते हैं।
भारतीय कर्मचारियों पर असर
सूत्रों के मुताबिक, पिछले हफ्ते भारत में ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर (OFSS) टीम के कई कर्मचारियों की नौकरियां चली गईं। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को एक सेवरेंस पैकेज यानी मुआवजा दिया है - जिसमें दो महीने का पूरी सैलरी, ग्रेच्युटी और बची हुई छुट्टियों का पेमेंट शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, ओरेकल ने छंटनी में M4 (मैनेजर लेवल) से लेकर IC1 (इंडिविजुअल कॉन्ट्रिब्यूटर स्तर 1) तक सभी ग्रेड के कर्मचारियों को प्रभावित किया, जिनमें नए भर्ती हुए लोग भी शामिल हैं। इसी दौरान, ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज ग्लोबल बिजनेस यूनिट के जनरल मैनेजर सन्नी सिंह ने 4 सितंबर को कर्मचारियों के साथ एक इमरजेंसी मीटिंग भी की थी। ओरेकल की इस छंटनी में मैनेजर लेवल से लेकर आईसी1 तक, सभी लेवल के कर्मचारियों को बाहर कर दिया गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ओरेकल पिछले महीने से अमेरिका, भारत, कनाडा और फिलीपींस सहित कई देशों में कर्मचारियों की छंटनी कर रहा है। अब तक यह छंटनी कंपनी के ग्लोबल वर्कफोर्स के करीब 10 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में और भी छंटनी हो सकती है।
नहीं मिला इन सवालों का जवाब
मनीकंट्रोल, भारत में छंटनी किए गए कर्मचारियों की सटीक संख्या का पता नहीं लगा सका। छंटनी और ग्लोबल स्ट्रेटजी में बदलाव से जुड़े सवालों पर ओरेकल को भेजे गए सवालों का कंपनी ने अबतक कोई जवाब नहीं दिया है। AI के मोर्चे पर, ओरेकल ने ChatGPT से इंटीग्रेटेड आंतरिक AI सहायक टूल लॉन्च किया है। सूत्र ने बताया कि कर्मचारियों से इस टूल का दैनिक उपयोग करने को कहा गया है और इसका उपयोग ट्रैक किया जा रहा है। कर्मचारियों को ईमेल से उनके काम का कितना प्रतिशत AI टूल में इस्तेमाल हो रहा है, इसकी जानकारी दी जा रही है। ये नए मेट्रिक्स कर्मचारियों की AI तैयारी और अनुकूलन को मापने के लिए हैं।
अमेरिकी कंपनियों का भारत में निवेश
हालांकि, अमेरिका में टैरिफ और छंटनी की चर्चा है, लेकिन Google, Apple, Meta, Microsoft और OpenAI जैसी अमेरिकी टेक कंपनियां भारत में निवेश बढ़ा रही हैं। हैदराबाद और बेंगलुरु में बड़े ऑफिस लीज, नए इंजीनियरिंग हब और AI साझेदारियां से इसके संकेत मिल रहे हैं। पिछले 12 महीनों में Meta, Amazon, Apple, Microsoft, Netflix, और Alphabet ने भारत में 30,000 से ज्यादा नए कर्मचारी नियुक्त किए है।