IIT और NIT स्टूडेंट्स को बड़ा झटका! इस अमेरिकी कंपनी ने वापस लिए कैंपस प्लेसमेंट ऑफर; 35 से 40 लाख रुपये था पैकेज

दिग्गज अमेरिकी टेक कंपनी ने IIT और NIT समेत कई बड़े इंजीनियरिंग संस्थानों के छात्रों के कैंपस प्लेसमेंट ऑफर वापस ले लिए हैं। 35 से 40 लाख रुपये पैकेज वाले इन ऑफर्स के रद्द होने से कई छात्र नौकरी के बिना रह गए हैं। जानिए डिटेल।

अपडेटेड May 14, 2026 पर 7:41 PM
Oracle ने इस साल 35 से 40 लाख रुपये सालाना पैकेज पर अच्छी संख्या में छात्रों को भर्ती किया था।

अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी Oracle Corporation ने भारत के कई बड़े इंजीनियरिंग कॉलेजों में दिए गए कैंपस प्लेसमेंट और प्री-प्लेसमेंट ऑफर वापस ले लिए हैं। इनमें कई IIT और NIT शामिल हैं। इससे पहले अप्रैल में Oracle ने दुनियाभर में करीब 30,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी।

कई बड़े संस्थान प्रभावित

सूत्रों के मुताबिक, जिन छात्रों के ऑफर रद्द किए गए, उन्हें इस हफ्ते इसकी जानकारी दी गई। इस फैसले से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी वारंगल, विश्वेश्वरैया नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी नागपुर, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रुड़की, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी हैदराबाद और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी BHU वाराणसी जैसे बड़े संस्थान प्रभावित हुए हैं।


सबसे बड़ी परेशानी यह है कि ज्यादातर कॉलेजों में 'वन स्टूडेंट, वन जॉब' पॉलिसी लागू होती है। यानी एक बार नौकरी मिलने के बाद छात्र दूसरी कंपनियों के प्लेसमेंट में हिस्सा नहीं ले सकते। इसका मतलब है कि जिन छात्रों से ऑफर वापस लिए गए हैं, उनके पास अब कोई जॉब ऑफर नहीं है।

छात्रों को बड़ा झटका

एक NIT के छात्र ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उसे पिछले साल Oracle में इंटर्नशिप के बाद PPO यानी प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिला था। उसके साथ कॉलेज के 12 और छात्रों को भी ऑफर मिला था।

छात्र ने कहा, 'PPO मिलने के बाद मैंने दूसरे प्लेसमेंट टेस्ट नहीं दिए। लेकिन अब प्लेसमेंट सेल से पता चला कि हमारे कॉलेज के तीन छात्रों के ऑफर रद्द कर दिए गए हैं, जिसमें मेरा नाम भी शामिल है। बाकी 10 छात्रों के ऑफर अभी भी बने हुए हैं।' छात्र ने कहा, 'Oracle में काम करने का अनुभव अच्छा था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। अब मैं बाहर नई नौकरी ढूंढ रहा हूं।'

उसने बताया कि Oracle ने एप्लिकेशन डेवलपर और सर्वर टेक्नोलॉजी टीमों के लिए भर्ती की थी। लेकिन हाल ही में Oracle Health और Application Infrastructure से जुड़ी एक यूनिट बंद कर दी गई। इसी वजह से उस वर्टिकल के कई ऑफर देशभर में वापस ले लिए गए।

35-40 लाख के पैकेज पर हुई थी भर्ती

इन संस्थानों में से एक के प्लेसमेंट सेल प्रमुख ने बताया कि Oracle ने इस साल 35 से 40 लाख रुपये सालाना पैकेज पर अच्छी संख्या में छात्रों को भर्ती किया था।

उन्होंने कहा, 'हमारे कॉलेज में तीन ऑफर रद्द हुए। Oracle ने बताया कि कंपनी में रीस्ट्रक्चरिंग हुई है और जिन बिजनेस यूनिट्स के लिए भर्ती हुई थी, उन्हें बंद कर दिया गया है। कंपनी ने कोशिश की, लेकिन उन छात्रों को दूसरी टीमों में जगह नहीं मिल सकी।'

LinkedIn पर नौकरी ढूंढ रहे छात्र

ऑफर रद्द होने के बाद कई छात्रों ने LinkedIn पर पोस्ट लिखकर नई नौकरी के लिए मदद मांगी। तानसेन लहारे IIT BHU वाराणसी में MTech छात्र और टीचिंग असिस्टेंट हैं। उनका Oracle में मेंबर ऑफ टेक्निकल स्टाफ (MTS) का ऑफर जॉइनिंग से सिर्फ एक महीने पहले रद्द कर दिया गया।

उन्होंने LinkedIn पोस्ट में लिखा कि Oracle का ऑफर मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि थी। उसी दौरान उन्हें Citi, SAP, Samsung Electronics, Walmart Global Tech India, Flipkart और Microsoft जैसी कंपनियों से भी इंटरव्यू कॉल मिले थे। लेकिन Oracle का ऑफर स्वीकार करने के बाद IIT BHU की 'वन स्टूडेंट, वन जॉब' पॉलिसी के तहत उन्हें बाकी कंपनियों की प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया था।

इसी तरह अनिमेश शर्मा भी हैं, जो VNIT नागपुर के BTech ग्रेजुएट हैं। उन्होंने LinkedIn पर लिखा कि Oracle ने 'संगठनात्मक बदलाव' का हवाला देकर उनका ऑफर रद्द कर दिया।

भारत में Oracle की बड़ी छंटनी

पिछले महीने Oracle ने भारत में करीब 12,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था। यह भारत में कंपनी के कुल वर्कफोर्स का लगभग 50% बताया गया। इस छंटनी में दुनियाभर में करीब 30,000 लोगों की नौकरियां गई।

Oracle के कई कर्मचारियों ने बताया कि टीमों को तय प्रतिशत में लोगों को निकालने के बजाय एक निश्चित बजट कटौती का लक्ष्य दिया गया था। इसका मतलब कि कंपनी का फोकस कर्मचारी कम करने पर नहीं, बल्कि खर्च कम करने पर है।

हेल्थकेयर यूनिट सबसे ज्यादा प्रभावित

कर्मचारियों के मुताबिक, कंपनी का हेल्थकेयर बिजनेस सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। Oracle ने 2021-22 में Cerner Corporation का अधिग्रहण करके Oracle Health बनाया था। इसमें Cerner के क्लिनिकल सिस्टम्स को Oracle के एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और ऑटोमेशन सिस्टम के साथ जोड़ा गया था।

एक कर्मचारी ने बताया कि जिन लोगों की छंटनी हुई, उनमें बड़ी संख्या Cerner वर्कफोर्स की थी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।