Rakesh Jhunjhunwala के निवेश वाली 'आकाश एयर' को उड़ान भरने में होगी देरी, जुलाई तक मिलेगा पहला विमान

DGCA के एक अधिकारी ने बताया कि आकाश एयर को अपना पहला विमान इस साल जून या जुलाई में मिलने की उम्मीद है, ऐसे में इसकी लॉन्चिंग में देरी होने की उम्मीद है

अपडेटेड May 19, 2022 पर 10:31 PM
Story continues below Advertisement
राकेश झुनझुनवाला ने अकाश एयर में 75 करोड़ रुपये निवेश किया है

शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) के निवेश वाली एयरलाइन कंपनी 'आकाश एयर (Akasa Air)' की लॉन्चिंग में देरी हो सकती है। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के एक अधिकारी के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि आकाश एयर को अपना पहला विमान इस साल जून या जुलाई में मिलने की उम्मीद है, ऐसे में इसकी लॉन्चिंग भी अब जुलाई के बाद होने की उम्मीद है।

डीजीसीए के अधिकारी ने बताया, "आकाश एयर को विमान मिलने में देरी हो गई है। विमान के जून या जुलाई में आने की उम्मीद है। जहां तक बाकी प्रक्रियाओं का सवाल है, तो वे सभी पटरी पर है।" वहीं आकाश एयर ने इस मामले में कहा कि उसे जून के मध्य तक अपना पहला विमान मिलने की उम्मीद है और एयरलाइन का इरादा जुलाई से उड़ानें शुरू करने का है।

राकेश झुनझुनवाला ने भी आकाश एयर को जून तक लॉन्च करने की योजना बनाई थी और बाद में इसे टालकर जुलाई कर दिया था। आकाश एयर के फाउंडर, मैनेजिंग डायरेक्टर विनय दुबे ने कहा, "हम जून 2022 के मध्य तक पहला विमान मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। पहला विमान हमें एयर ऑपरेट परमिट (AOP) हासिलन करने में मदद करेगा। इसके बाद प्रूविंग फ्लाइट्स का ऑपरेशन नियामकीय जरूरतों के मुताबिक किया जाएगा।"


यह भी पढ़ें- दुनिया में शुरू हुआ नए तरीके का शीत युद्ध, ग्लोबल GDP को इस साल पहुंचा 1.6 लाख करोड़ डॉलर का नुकसान

विनय दुबे ने यह भी कहा कि एयरलाइन जुलाई 2022 में कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करने का इरादा रखती है और मार्च 2023 के अंत तक वह 18 विमानों को अपने बेड़े में शामिल करने और उनके साथ उड़ान भरने के लिए तैयार है। Akasa Air ने 72 बोइंग विमानों का ऑर्डर दिया है

विनय ने कुछ दिनों पहले एक इंटरव्यू में बताया था आकाश एयरलाइन अपनी शुरुआत मेट्रो शहरों से करेगी और फिर टियर -2 शहरों पर फोकस करेगी। उन्होंने कहा, "हम एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ-साथ अलग से भी एयरपोर्टों के साथ बातचीत की प्रक्रिया में है। हम यह अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं किस एयरपोर्ट पर हमारे लिए कितनी जगह है। हम पार्किंग स्लॉट और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्टर को भी ध्यान में रख रहे हैं, जो एयरलाइन को लॉन्च करने के लिए जरूरी है। हमें उम्मीद है कि ये सारी चीजें बहुत जल्द फाइनल हो जाएगीं।"

बता दें कि राकेश झुनझुनवाला, भारतीय एविएशन इंडस्ट्री के कई दिग्ग्जों के साथ मिलकर Akasa Air शुरू कर रहे हैं। उन्होंने आकाश एयर में 40 फीसदी की हिस्सेदारी के लिए 275 करोड़ रुपये निवेश किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।