रिलायंस जियो (Reliance Jio) ने मुंबई सर्किल के अपने उन यूजर्स के मोबाइल प्लान की वैलिडिटी को मुफ्त में 2 दिन तक बढ़ाने का ऐलान किया है, जो बीते 5 फरवरी को नेटवर्क इश्यू से प्रभावित हुए थे। रिलायंस जियो के मुंबई सर्किल के कई यूजर्स ने 5 फरवरी को सोशल मीडिया पर ऐसी शिकायतें दर्ज कराई थीं कि वे कथित तौर पर न किसी को कॉल कर पा रहे हैं और न किसी कॉल को रिसीव कर पा रहे हैं।
रिलायंस जियो ने प्रभावित यूजर्स को 2 दिनों की अतिरिक्त अनलिमिटेड प्लान देने का ऐलान किया है। कंपनी ने बताया कि यह 2 दिनों का वैलिडिटी प्लान अपने आप उनके नंबर पर जुड़ जाएगा और उनके मौजूदा प्लान की वैलिडिटी खत्म होने के बाद अगले दो दिनों तक वैध रहेगा।
इसका मतलब है कि प्रभावित यूजर्स को 2 दिनों की अतिरिक्त अनलिमिटेड प्लान को लेने के लिए कोई अतिरिक्त प्रयास नहीं करना है। जियो खुद ही उन यूजर्स के मोबाइल नंबर पर यह प्लान एक्टिवेट कर रहा है।
जियो ने बताया कि यह 2 दिनों की अतिरिक्त अनलिमिटेड प्लान प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों तरह के यूजर्स के लिए है। एक रिपोर्ट के मुताबिक जो यूजर्स 5 फरवरी को नेटवर्क में इश्यू आने से प्रभावित हुए थे, रिलायंस जियो उन्हें मैसेज भेजकर इस अतिरिक्त वैलिडिटी प्लान की जानकारी भी दे रही है।
बता दें कि यूजर्स के लिहाज से रिलायंस जियो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। 31 दिसंबर 2021 तक के आंकड़ों के मुताबिक जियो के कुल ग्राहकों की संख्या 42.10 करोड़ थी। इसमें से 1.02 करोड़ ग्राहक कंपनी ने दिसंबर तिमाही में जोड़े हैं।