रिलायंस रिटेल के मार्च तिमाही के नतीजे आ गए हैं। कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान साल दर साल आधार पर 10.8 फीसदी बढ़कर 98,232 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 88,620 करोड़ रुपये था। रिलायंस रिटेल देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल इकाई है।
रिलायंस रिटेल का प्रॉफिट मार्च तिमाही में बढ़कर 3,563 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 3,545 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBITDA मार्च तिमाही में बढ़कर 6,921 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 6,711 करोड़ रुपये था।
वित्त वर्ष 2025-26 में रिलायंस रिटेल का रेवेन्यू 11.8 फीसदी बढ़कर 3.70 लाख करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी का प्रॉफिट 12,388 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,842 करोड़ रुपये रहा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा, "रिलायंस रिटेल की ग्रोथ पूरे साल अच्छी रही। मुझे भरोसा है कि रिलायंस रिटेल की व्यापक मौजूदगी और भारतीय ग्राहकों की अच्छी समझ ग्रोथ जारी रखने में मददगार होगी। अब इंडिपेंडेंट रूप से ऑपरेट करने वाला कंज्यूमर प्रोडक्ट्स वर्टिकल अच्छी ग्रोथ दिखा रहा है। इसमें एफएमसीजी ब्रांड्स के बढ़ते पोर्टफोलियो का हाथ है।"
कंपनी के हायपर लोकल कॉमर्स के औसत डेली ऑर्डर्स में तिमाही दर तिमाही आधार पर 29 फीसदी ग्रोथ दिखी है। साल दर साल आधार पर यह ग्रोथ 300 फीसदी से ज्यादा है। कंपनी की एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने कहा, "इस साल का सबसे महत्वपूर्ण बदलाव स्ट्रक्चरल रहा। हायपर लोकल कॉमर्स ऑर्डर साल दर साल आधार पर चार गुना से ज्यादा हो गया।"
उन्होंने कहा, "हम ग्रॉसरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और फैशन का इंडिया का सबसे व्यापक हायपर डिलीवरी नेटवर्क ऑपरेट करते हैं। इसमें 1,200 से ज्यादा शहरों और 5,100 से ज्यादा पिनकोड्स में 3,100 स्टोर्स शामिल हैं।" कंपनी ने अलग-अलग कैटेगरीज में अच्छी ग्रोथ के बारे में बताया है।